हाथी के हमले से बुजुर्ग दंपति की मौत, छत्तीसगढ़ में एलिफेंट अटैक से 3 दिन में 4 की गई जान
छत्तीसगढ़ के राजपुर फॉरेस्ट रेंज में हाथी के हमले में बुजुर्ग दंपति की मौत से हड़कंप मचा हुआ है. घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर मृतक शवों को पीएम करने के लिए अस्पताल भेज दिया और ग्रामीणों को जंगल की तरफ नहीं जाने की गुजारिश की. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
बलरामपुर, 9 जून 2026. जानकारी के मुताबिक, यहां के ग्राम कुंदी के बांधपारा निवासी जूठन गोंड ( 65 वर्ष) और उनकी पत्नी सुंदरी बाई ( 56 वर्ष) मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे घर से जंगल की तरफ शौच के लिए जा रहे थे. अभी घर से लगभग दोनों 200 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया. अचानक सामने आए हाथी को देखकर दंपति बचने का प्रयास तो किया, लेकिन वह समय रहते सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच पाए.
दंतैल हाथी ने दौराकर किया जानलेवा हमला
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हाथी ने दंपति को देखते ही आक्रामक होकर उन पर हमला कर दिया. हालांकि, दोनों ने जान बचाने के लिए कोशिश की, लेकिन हाथी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और हमला कर दिया. दंतैल हाथी ने दोनों को पटक पटककर गंभीर घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इधर घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भय और दहशत बना हुआ है.
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और मामले की तहकीकात शुरू कर दी. एसडीओ फॉरेस्ट रेंजर और अन्य वन अधिकारियों ने घटनास्थल से मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है.
परिजनों को उपलब्ध कराई गई तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि
इस संदर्भ में राजपुर रेंजर अजय वर्मा ने बताया कि वन विभाग की तरफ से मृतक दंपति के परिजनों को तात्कालिक सहायता के तौर पर 25--25 हजार रुपए की आर्थिक मदद पहुंचाई गई है. साथ ही शासन की ओर से मिलने वाली अन्य सहायता प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. पीड़ित परिवार को नियम के मुताबिक, पूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
मुनादी कराकर ग्रामीणों को किया जा रहा है अलर्ट
रेंजर अजय वर्मा ने बताया कि हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है और लोगों को जंगल या सुनसान जगहों में अकेले जाने से मन ही किया जा रहा है. जबकि वन विभाग की टीम लगातार गश्त लग रही है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके.
सड़क निर्माण में लगे मजदूरों को हाथी ने कुचला
खबर है कि बीती रात गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व इलाके में सोनहत वन परिक्षेत्र के तहत देवशील गांव में सड़क निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों को भी हाथी ने मार डाला. मृतक मजदूरों की पहचान 22 वर्षीय गौरव और 35 वर्षीय अमर सिंह बताया गया है. मालूम पड़ा है कि इस वक्त यहां के जनकपुर रेंज में दंतैल हाथी खुलेआम घूम रहा है. इस पर नजर रखने की जरूरत है.