• जयपुर के पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग, बच्चे समेत 7 की हुई मौत, 4 घायल

    जयपुर के  खोह नागोरियान इलाके में स्थित पटाखों के गोदाम में मंगलवार सुबह 11 बजे भीषण आग लग गई. अग्निकांड में बच्चे समेत 7 लोगों की मौत हो गई और कई वर्कर झुलस गए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की हृदयविदारक घटना की रिपोर्ट:-

    जयपुर, 9 जून 2026. मृतकों में अब्दुल वाहिद (50 वर्ष), राबिल, बिलाल खान (30 वर्ष ), समीर (20 वर्ष), और आजीम खान उर्फ आविद शामिल है. जबकि 2 मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है. खबर है कि नासिर एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती है. इस बीच अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. आरके जैन ने बताया- नासिर 95% झुलस गया है. जयपुर के जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि पटाखों का गोदाम खोह नागोरियान में आयशा नगर तलाई  इलाके में आईटीआई कॉलेज के पास है. आशंका है कि कोई ज्वलनशील पदार्थ गोदाम में होने के कारण आग लगी. पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वो पटाखे रखने का गोदाम है. इसकी फैक्टरी कुछ दूरी पर है. पूरी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी. रिहायशी इलाके में गोदाम अवैध रूप से चल रहा था. इसके संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

    एसएचओ ओमप्रकाश ने बताया - मकान याकूब नाम के व्यक्ति का है. उसने दिल्ली निवासी  फिरोज को मकान किराए पर दिया था. वह वसीम नाम के युवक के साथ मिलकर अवैध रूप से फैक्ट्री संचालित कर रहा था.

    विधायक बोले- क्या पुलिस को पता नहीं था?
    विधायक अमीन कागजी ने कहा- रिहायशी इलाके में बारूद का गोदाम होने का क्या पुलिस को पता नहीं था? लोग भी किसके दबाव में हैं, जो बोल नहीं रहे हैं. यह किसका है, किसका नहीं, इस पर भी कोई जवाब नहीं है. विधायक ने कहा कि अब जिम्मेदार कहेंगे- काम करने वाले राजस्थान के नहीं हैं, तो क्या जीवन उनका नहीं है. फेल्योर तो आप हैं.