MI vs RR: राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में, मुंबई इंडियंस ने दर्शकों को फिर निराश किया
MI vs RR Match: राजस्थान रॉयल्स ने अपने अंतिम लीग मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई। मुंबई को घरेलू मैदान पर 206 रनों का टारगेट मिला था।
मुंबई, 24 मई 2026। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में प्लेऑफ का चौथा और आखिरी टिकट हासिल कर लिया है। आरआर ने रविवार को मुंबई इंडियंस को 30 रनों से रौंदकर प्लेऑफ में जगह बनाई। राजस्थान ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ‘करो या मरो’ मैच में 206 रनों का टारगेट दिया। जवाब में एमआई 9 विकेट गंवाकर 175 रन ही जुटा सकी। आरआर के लिए जोफ्रा आर्चर ने तीन, यशराज पुंजा, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए। राजस्थान 14 मैचो में 16 अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान पर है। पांच बार की चैंपियन मुंबई ने 14 मैचों में 10 हार का सामना किया। एमआई तालिका में नौवें पायदान पर रही।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम पावरप्ले में लड़खड़ा गई। दिग्गज रोहित शर्मा शून्य पर लौटे। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने पहले ओवर में आउट किया। आर्चर ने तीसरे ओवर में नमन धीर (5 गेंदों में 6) को बोल्ड किया। रयान रिकेल्टन (7 गेंदों में 12) भी फ्लॉप रहे। नांद्रे बर्गर ने रिकेल्टन को चौथे ओवर में पवेलियन भेजा। बृजेश शर्मा ने तिलक वर्मा (7 गेंदों में 3) को छठे ओवरमें बोल्ड किया। पावरप्ले समाप्त होने पर एमआई का स्कोर चार विकेट पर 49 रन रहा। सूर्यकमार यादव ने विल जैक्स के साथ मिलकर मुंबई की पारी को काफी देर संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 63 रनों की पार्टरशिप की। यशराज पुंजा ने 12वें ओवर में जैक्स का शिकार किया। जैक्स ने 18 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की बदौलत 33 रन बनाए।
सूर्या और कप्तान हार्दिक पांड्या के बीच छठे विकेट के लिए 48 रनों की पार्टनरशिप हुई। आर्चर ने 16वें ओवर में हार्दिक को अपना शिकार बनाया। एमआई कप्तान ने 15 गेंदों का सामना करने के बाद 34 रन जोड़े। उनके बल्ले से तीन चौके और दो छक्के निकले। पुंजा ने अगले ओवर में कॉर्बिन बॉश (2) का शिकार किया। एमआई का आठवां विकेट सूर्या के रूप गिरा। उन्होंने 42 गेंदों में 60 रनों का योगदान दिया, जिसमें तीन चौके और चार छक्के हैं। सूर्या को नांद्रे बर्गर ने 18वें ओवर में कॉट एंड बोल्ड किया। बृजेश ने अगले ओवर में दीपक चाहर (8) को एलबीडब्ल्यू किया। शार्दुर ठाकुर 10 और अल्लाह गजनफर दो रन बनाकर नाबाद रहे।
राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 205 रन जुटाए। टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी आरआर ने सधा हुआ आगाज किया। यशस्वी जायसवाल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की। यशस्वी ने 17 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 27 रनों की पारी खेली। उन्हें विल जैक्स ने चौथे ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला। उन्होंने 6 गेंदों में महज चार रन बनाए। उन्हें दीपक चाहर ने पांचवें ओवर में अपने जाल में फंसाया। कप्तान रियान पराग भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 8 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का है। पराग का अल्लाह गजनफर ने छठे ओवर में शिकार किया। पावरप्ले में आरआर का स्कोर 54/3 रहा।
दासुन शनाका (15 गेंदों में 29, तीन छक्के) 11वें ओवर में रनआउट हुए। उन्होंने ध्रुव जुरेल के संग चौथे विकेट के लिए 45 रनों की पार्टनरशिप की। राजस्थान को पांचवां झटकाजुरेल के रूप में लगा। विकेटकीपर ने 26 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और दो छक्के मारे। जुटाए। जुरेल को कॉर्बिन बॉश ने 13वें ओवर में बोल्ड किया। डोनोवन फरेरा ने 15 गेंदों में 18 रन बटोरे, जिसमें दो छक्के हैं। उनका चाहर ने 16वें ओवर में शिकार किया। शार्दुल ठाकुर ने 18वें ओवर में शुभम दुबे (6 गेंदों में 5) और जोफ्रा आर्चर (15 गेंदों में 32) को पवेलियन भेजा। रवींद्र जडेजा 11 गेंदों में 19 और नांद्रे बर्गर 3 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
RR: 205/8 (20 ओवर)
MI: 175/9 (20 ओवर)
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग XI: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, यशराज पुंजा, बृजेश शर्मा।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग XI: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, अल्लाह गजनफर, रघु शर्मा।