इंडिया गठबंधन की बैठक में कौन-कौन हुए शामिल और किन-किन मुद्दों पर बनी सहमति
सोमवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन भवन में इंडिया गठबंधन की बैठक में विपक्षी दलों के नेताओं ने गठबंधन की एकता पर जोर दिया और कहा कि ये गठबंधन देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और लोगों के रोजगार से जुड़े मुद्दे जोर - शोर से उठाएगा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 9 जून 2026. इंडिया गठबंधन के नेताओं ने विपक्षी दलों की एकता मजबूत करने और बीजेपी का मुकाबला करने के लिए नई रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया. बीजेपी ने इंडिया गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि वोट चोरी नहीं हुआ बल्कि 'विपक्षी दलों का वजूद चोरी हुआ ' है. इंडिया गठबंधन की बैठक ऐसे समय में हुई है जब इसके कुछ घटक दलों के बीच गंभीर मतभेद खुलकर सामने आए हैं. बैठक में विपक्षी दल आम आदमी पार्टी और डीएमके शामिल नहीं हुए. इसके साथ ही एक प्रमुख पार्टी तृणमूल कांग्रेस जो बड़े राजनीतिक संकट से जूझ रही है, इस बैठक में शामिल हुई. जहां इस बैठक की तैयारी चल रही थी,
वहीं पार्टी के राज्यसभा सांसद सुखेंदु रे ने अपनी राज्यसभा और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पश्चिम बंगाल चुनाव हारने के बाद बड़ी तादाद में तृणमूल कांग्रेस सांसद पार्टी से इस्तीफा देने को तैयार हैं.
खड़गे ने बताया इंडिया गठबंधन क्या करेगा?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि इंडिया गठबंधन की बैठक में 25 पार्टियों ने हिस्सा लिया. गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विपक्षी दलों की बैठक में क्या-क्या फैसले किए गए. खड़गे ने कहा कि सभी दलों ने मिलकर पांच मुद्दों पर सहमति जताई है. उन्होंने कहा, "एसआईआर, वोटर लिस्ट में हेरफेर और चुनाव की निष्पक्षता पर उठे गंभीर सवालों पर भारत के मुख्य न्यायाधीश को जल्दी ही एक चिट्ठी भेजी जाएगी." इसके साथ ही शिक्षा मंत्री से तुरंत इस्तीफे की मांग की जाएगी क्योंकि नीट और सीबीएसई की परीक्षा देने वाले लाखों युवाओं के साथ विश्वासघात हुआ है. उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा है."
खड़गे ने कहा, " इंडिया गठबंधन देश की खराब होती है आर्थिक स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर केंद्र से सर्वदलीय बैठक बुलाने की भी मांग करेगा. साथ ही जनसरोकारों और दूसरे अहम मुद्दे उठाता रहेगा." खड़गे ने बताया कि इंडिया गठबंधन हर दूसरे महीने अपनी बैठक करेगा. साथ ही मानसून सत्र में सदन में समन्वय बनाए रखेगा. हर सुबह लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ सभी विपक्षी दलों की बैठक होगी.
बैठक में कांग्रेस की सोनिया गांधी, राहुल गांधी, और मल्लिकार्जुन खड़गे एवं तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, नेशनल कांफ्रेंस के उमर अब्दुल्लाह, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की महबूबा मुफ्ती और वामपंथी दलों के नेता शामिल हुए. इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( शरद पवार ) की सुप्रिया सुले, सीपीएम के जॉन ब्रिटास, सीपीआई के डी. राजा और कुछ अन्य छोटे दलों के नेताओं ने भी बैठक में हिस्सा लिया. जबकि शिवसेना (उद्धव ) के प्रमुख उद्धव ठाकरे बैठक में वर्चुअल शामिल हुए.