• ट्रंप के विरोध में 70 लाख लोग सड़कों पर उतरे, जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रदर्शनकारियों पर की मल-मूत्र की बारिश, लड़ाकू विमान उड़ाते हुए जारी किया AI वीडियो, घटिया हरकत देखिए

    शनिवार को किए गये आंदोलन में 70 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। जिनमें न्यूयॉर्क, लॉस एंजिल्स जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरों और फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के निजी आवास मार-ए-लागो के आसपास भी लोग जुटे थे। पूरे अमेरिका में करीब 2600 रैलियां निकाली गईं। ट्रंप ने इसी प्रदर्शन को निशाना बनता हुए दो AI वीडियो जारी किया है।
    वॉशिंगटन/नई दिल्ली, 19 अक्टूबर 2025।  किसी भी देश के राष्ट्रपति से आप गंभीरता की उम्मीद रखते हैं और अगर वो राष्ट्रपति अमेरिका का हो, तो उसकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। लेकिन अगर उस राष्ट्रपति का नाम डोनाल्ड ट्रंप है, तो आप उससे कुछ अजीब हरकत की ही उम्मीद रखते हैं। डोनाल्ड ट्रंप निराश भी नहीं करते हैं। दरअसल, शनिवार को अमेरिका के सभी 50 राज्यों में विशाल प्रदर्शन किए हैं और इस दौरान 'नो किंग्स' के नाम से आंदोलन चलाया गया। ये आंदोलन डोनाल्ड ट्रंप की कठोर नीतियों और उनके तानाशाही फैसलों के खिलाफ था। इसमें प्रदर्शकारी ये संदेश दे रहे थे कि डोनाल्ड ट्रंप को कोई 'किंग' नहीं हैं।
             आयोजकों के मुताबिक, शनिवार को किए गये आंदोलन में 70 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। जिनमें न्यूयॉर्क, लॉस एंजिल्स जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरों और फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के निजी आवास मार-ए-लागो के आसपास भी लोग जुटे थे। वाशिंगटन में, हजारों लोगों ने अमेरिकी संसद के पास लोकतांत्रिक नारे लगाए। जबकि अमेरिका की सरकार लगातार तीसरे हफ्ते भी फंड नहीं होने की वजह से आवश्यक कामकाज नहीं कर पा रही है।प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी झंडे लहराए, कुछ झंडे उलटे लहराए गये और रंग-बिरंगे पोस्टर के जरिए लोकतंत्र की रक्षा, इमिग्रेशन और कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) एजेंसी को खत्म करने की मांग की।
     
    डोनाल्ड ट्रंप ने AI वीडियो से प्रदर्शनकारियों पर गिराया मल
    शांतिपूर्ण और बड़े पैमाने के हुए प्रदर्शन का जवाब देते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने Truth सोशल और इंस्टाग्राम पर AI-जनरेटेड वीडियो पोस्ट किए। इस वीडियो में उनके माथे पर किंग नाम का एक मुकुट सजा था, यानि वो खुद को राजा के तौर पर पेश कर रहे थे। इस वीडियो में ट्रंप सिंहासन पर बैठे हुए थे और क्राउन पहने हुए थे। वीडियो में वो एक लड़ाकू विमान उड़ाते हुए प्रदर्शकारियों पर मलमूत्र की बारिश करते हैं। इस वीडियो के बैकग्राउंड में केनी लोगिन्स का 'डेंजर जोन' गाना बज रहा था। वहीं एक दूसरे वीडियो में ट्रंप व्हाइट हाउस के सामने खड़े दिख रहे हैं, जिसमें अंद्रेआ बोचेली का गाना बज रहा था।
                  रिपोर्ट के मुताबिक न्यूयॉर्क सिटी में टाइम्स स्क्वायर से लेकर कम से कम पांच जगहों पर प्रदर्शन किए गये. जिनमें कम से कम 1 लाख लोग शामिल हुए थे। इसके अलावा बोस्टन, फिलाडेल्फिया, अटलांटा, डेनवर, शिकागो और सिएटल जैसे शहरों में भी हजारों से लेकर दसियों हजारों की संख्या में लोग जुटे थे और ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। वेस्ट कोस्ट पर लॉस एंजेलिस और सैन डिएगो में दर्जनों रैलियों में भारी जनसमूह देखा गया। सिएटल में प्रदर्शनकारी एक मील लंबी परेड रूट पर सिटी सेंटर से स्पेस नीडल तक मार्च करते हुए पहुंचे। 50 राज्यों में करीब 2600 रैलियां निकाली गईं। वहीं, पुलिस के मुताबिक सैन डिएगो में 25,000 से ज्यादा लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।