• 'मैंने भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाई', डोनाल्ड ट्रंप ने UNGA के मंच पर फिर लिया भारत-पाक के बीच सीजफायर का क्रेडिट

    डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में दावा किया है कि उन्होंने 7 महीने में सात जंग रुकवाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच सुलह कराने का दावा किया।
    वाशिंगटन/ नई दिल्ली, 24 सितंबर 2025। राष्ट्र महासभा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का संबोधन शुरू हो गया है। इस दौरान ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने बीते 7 महीने में 7 युद्ध रुकवाए हैं। वहीं ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर का भी क्रेडिट लिया। ट्रंप ने यह भी कहा है कि जंग रुकवाने की जिम्मेदारी संयुक्त राष्ट्र की जगह उन्हें लेनी पड़ी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि संयुक्त राष्ट्र अपनी क्षमता के हिसाब से काम नहीं कर पा रहा है।
            ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के लिए एकत्रित दुनिया के बड़े वैश्विक नेताओं के सामने अपने दावों को एक बार फिर दोहराया। संयुक्त राष्ट्र के मंच से ट्रंप ने कहा, "इसी तरह सिर्फ सात महीनों में, मैंने सात कभी ना खत्म होने वाले युद्धों को समाप्त कर दिया है। लोग कहते थे कि वे अनंत हैं। कुछ 31 साल से चल रहे थे। उनमें से दो 31- 31 साल से चल रहे थे। एक 36 साल से, एक 28 साल से चल रहा था।"

    "एक क्रूर और हिंसक युद्ध…"
    ट्रंप ने आगे कहा, "मैंने सात युद्ध खत्म किए। और सभी मामलों में, वे भयंकर युद्ध थे। इनमें अनगिनत हजारों लोग मारे गए थे।” ट्रंप ने भारत का नाम लेते हुए कहा, “इनमें कंबोडिया और थाईलैंड, कोसोवो और सर्बिया, कांगो और रवांडा, एक क्रूर और हिंसक युद्ध, पाकिस्तान और भारत, इजरायल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, और आर्मेनिया और अजरबैजान के बीच चल रहे जंग शामिल हैं।"

    डोनाल्ड ट्रंप का दावा
    बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप इस तरह के दावे कई बार कर चुके हैं। हालांकि अब ट्रंप ने वैश्विक नेताओं के सामने इतने बड़े मंच से भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता का दावा किया है। इससे पहले बीते मई महीने में भारत और पाकिस्तान के बीच बनी युद्ध जैसी स्थिति के बाद ट्रंप ने कई बार यह कहा है कि उन्होंने दोनों देशों को व्यापार ना करने की धमकी देकर जंग रोकने के लिए मनाया। हालांकि भारत ने इन दावों को खारिज किया है।