रायपुर पुलिस की रेड में हरियाणा के 6 युवक गिरफ्तार: जानें क्या है पूरा मामला..
रायपुर पुलिस की कार्यवाही में गेट (Graduate Aptitude Test in Engineering) परीक्षा देने आए हरियाणा के 6 युवक गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि ये युवक गेट परीक्षा में किसी अन्य कैंडिडेट की जगह पर बैठने की तैयारी कर रहे थे।
रायपुर, 15 फरवरी 2026। मुखबिर की सूचना पर पुलिसकर्मियों ने डीडी नगर इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी किसके बुलाने पर रायपुर पहुंचे थे? इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। पूरे मामले का खुलासा रायपुर पुलिस के अधिकारी जल्द करेंगे। पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि, दूसरे राज्यों से कुछ युवक रायपुर पहुंचे है। ये आने वाले गेट परीक्षा में आवेदन करने वाले छात्रों की जगह बैठेंगे और उनकी पेपर सॉल्व करेंगे। एसीसीयू और डीडी नगर पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर ठिकाने पर रेड मारी।
इस दौरान आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर सच्चाई बता दी। पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा
डीडी नगर पुलिस ने बताया कि, आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि ये युवक पहले भी अन्य राज्यों में इसी तरह घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित ठगी की योजना का खुलासा करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार फरवरी 2026 में होने वाली गेट परीक्षा 7, 8, 14 और 15 फरवरी को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में दो पाली में आयोजित की जा रही है। परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक है।