• IAS Promotion: प्रदेश के IAS अधिकारियों को मिली पदोन्नति, ये बने ACS

    IAS Promotion: उत्तर प्रदेश के सीनियर IAS अफसरों को सोमवार को पदोन्नति मिली है। प्रमुख सचिव स्तर के आठ अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (ACS) बनाया गया है। नए साल की शुरुआत ही उत्तर प्रदेश की नौकरशाही के लिए गुड न्यूज के साथ हुई है। साल के पहले ही दिन 21 अफसरों को प्रमोशन व पोस्टिंग दी गई थी।
    लखनऊ, 12 जनवरी 2026। उत्तर प्रदेश के आठ सीनियर IAS अफसरों को नए साल में सोमवार को पदोन्नति मिली। इनमें प्रमुख सचिव स्तर के पांच अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (ACS) बनाया गया है जबकि भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात 1995 बैच के तीन अधिकारियों को नियत वेतनमान रुपए 2,25,000 (सातवें वेतन आयोग में यथा संशोधित पे-मैट्रिक्स में लेवल-17) में प्रोफार्मा पदोन्नत किया गया है। अपर मुख्य सचिव बनाए गए सीनियर आईएएस अधिकारियों में आशीष कुमार गोयल, संजय प्रसाद, अमृत अभिजात, आर रमेश कुमार और मुकेश कुमार मेश्राम का नाम शामिल है।
           राज्यपाल की आज्ञा से प्रमुख सचिव (नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग) के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश संवर्ग में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 1995 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. आशीष कुमार गोयल, संजय प्रसाद, अमृत अभिजात, आर रमेश कुमार और मुकेश कुमार मेश्राम को कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से नियत वेतनमान 2,25,000 (सातवें वेतन आयोग में यथा संशोधित पे-मैट्रिक्स में लेवल-17) में प्रोन्नत करते हुए 'अपर मुख्य सचिव' का पदनाम प्रदान किया गया है।
            इसी तरह एक अन्य आदेश में बताया गया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के साल 1995 बैच के प्रतिनियुक्ति पर भारत सरकार में तैनात अधिकारी भुवनेश कुमार, मृत्युंजय कुमार नारायण और संतोष कुमार यादव को नियत वेतनमान रुपए 2,25,000 (सातवें वेतन आयोग में यथा संशोधित पे-मैट्रिक्स में लेवल-17) में कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रोफार्मा प्रोन्नति प्रदान की गई है।