• महाकवि निराला के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने की आवश्यकता

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
    हैदराबाद, 15 फरवरी 2026. गीत चाँदनी का 23 वाँ वसंतोत्सव कवि सम्मेलन सह महाकवि निराला जयंती व्याख्यान एवं निराला सम्मान समारोह हिंदी लेखक संघ हैदराबाद एवं गीत चाँदनी  के संयुक्त तत्वाधान में आबिड्स स्थित अमृत कॉन्फ्रेंस हॉल, राघव रत्न टॉवर्स, चिराग अली लेन में शनिवार शाम प्रसिद्ध गीतकार कवि चंपालाल बैद की अध्यक्षता में भव्यता के साथ संपन्न हुआ. वहीं, गीत चाँदनी के संरक्षक, ट्रस्टी व विशिष्ट समाजसेवी अमृत कुमार जैन, एनसीपी (महाराष्ट्र) के पार्षद अरुण बारबोले, पार्षद महेश जी बाफना, जनाब सलाहुद्दीन नय्यर और अनूप कुमार आदि मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि एवं सम्माननीय अतिथि के रूप में मंचासीन थे.

    कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती की पूजा - अर्चना एवं दीप प्रज्वलित  से किया गया. सर्वप्रथम कवियित्री हर्षलता दुधोड़ोया सरस्वती वंदना प्रस्तुत की. जबकि गीत चाँदनी के कार्यदर्शी, कवि गोविंद अक्षय ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की सक्रियता की जानकारी दी. कवि गोविंद अक्षय ने इस अवसर पर महाकवि निराला की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला. वहीं, कवि ठाकुर दिनेश सिंह, डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव ने महाकवि निराला के जीवन दर्शन और साहित्य पर प्रकाश डाला. जबकि विशेष अतिथि और उर्दू मासिक पत्रिका खुशबू का सफर के संपादक, शायर जनाब सलाहुद्दीन नय्यर ने गीत चाँदनी के संस्थापक कार्यदर्शी दिवंगत कवि नेहपाल सिंह वर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनकी बहुआयामी विशेषताओं का बखान किया.

    समारोह के प्रधान संयोजक, विशिष्ट समाजसेवी  अमृत कुमार जैन  ने कहा कि वे पिछले 23 वर्षों से इस समारोह के मुख्य संयोजक हैं. इस लंबे काल में इस संस्थान में बहुत सारे कवि उभर कर सामने आए हैं और संस्था ने कवियों को प्यार और दुलार दिया है. इस साहित्यिक कार्यक्रम में स्थानीय कवियों और साहित्य प्रेमियों ने निराला जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और निराला जी की रचनाओं, उनके जीवन संघर्ष और हिंदी साहित्य में उनके योगदान पर विशेष चर्चा की. जबकि हिंदी के कई वरिष्ठ एवं युवा कवियों ने अपनी ओजस्वी रचनाओं का पाठ कर श्रुताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें देश प्रेम, सामाजिक सरोकार और निराला जी की शैली की झलक देखने को मिली.

    इस कार्यक्रम के आयोजकों ने महाकवि निराला के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया. काव्य पाठ करने वाले कवियों में चंपालाल बैद, गोविंद अक्षय, डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव, हर्षलता दुधोड़िया, गोविंद मिश्रा, सुनील मिश्रा, अशोक दोशी, ठाकुर दिनेश सिंह, सत्यनारायण काकड़ा, सदानंद लाल गोगीकार, आशा ठाकुर, लतीफुद्दीन लतीफ, ममता मिश्रा, उमेश चंद्र श्रीवास्तव, बासित अली रईस, अंजनी कुमार गोयल, सलाहुद्दीन नय्यर, पूनम जोधपुरी, तश्कील रज्जाकी, खलिश हैदराबादी, शिवकुमार तिवारी कोहिरी आदि के नाम प्रमुख हैं.