• पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के 101वें जन्म - दिवस पर राष्ट्रीय एकता कवि सम्मेलन

    हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-

    हैदराबाद, 30 दिसंबर 2025. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 101वें जन्मदिवस पर गीत चाँदनी के सहयोग से स्मृति- शेष जी. राजेंद्र कुमार द्वारा स्थापित 46  वें राष्ट्रीय एकता कवि सम्मेलन यहां के  गोशामहल स्थित हजारी भवन, हैदराबाद में बड़े ही खुशनुमा माहौल में संपन्न हुआ. चर्चित गीतकार चंपालाल बैद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में गोलकोंडा दर्पण के संपादक तथा गीत चाँदनी के कार्यदर्शी कवि गोविंद अक्षय  ने मंच का सफल संचालन किया. मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात कवयित्री आशा ठाकुर ने अपनी सु मधुर वाणी में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की.

    कवि सम्मेलन में कविवर अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रकाश डाला गया. इस मौके पर प्रसिद्ध समाजसेवी  अमृत कुमार जैन बतौर  मुख्य अतिथि मंचासीन थे एवं गौशामहल के पार्षद व सक्रिय समाजसेवी लाल सिंह, भाजपा के नेता तथा आईसीएआर सदस्य भारत सरकार के डी. गोपाल जी, वरिष्ठ कवि  अंजनी कुमार गोयल, भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव प्राची जैन प्रमुख विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन थे. वहीं, वक्ता डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव, आशा ठाकुर, ममता मिश्रा व प्राची जैन ने भारत रत्न  पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा देश के लिए की गई सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे एक शीर्ष राजनेता ही नहीं थे बल्कि एक  विशिष्ट कवि भी थे. उन्हें कविता विरासत में मिली थी. उन्होंने अपना सारा जीवन  राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया.

     कवि सम्मेलन में अनेक चर्चित कवियों ने भारत रत्न  दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के गीतों को अपनी मधुर वाणी में प्रस्तुति देकर  श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस दौरान मुख्य अतिथि समाजसेवी अमृत कुमार जैन सहित सभी गणमान्य अतिथियों ने अटल बिहारी वाजपेयी के फोटो चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की और नमन किया. इस दौरान समाजसेवी  अमृत कुमार जैन ने कहा कि यह बहुत ही प्रसन्नता की बात है कि गीत चाँदनी से जुड़े सक्रिय कवि व भाजपा के नेतागण प्रतिवर्ष इस महान नेता कविवर अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं. अटल जी बहुत ही  सरल व्यक्तित्व के थे, उन्होंने देश के लिए अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की है जिसे हमेशा याद रखा जाएगा.

    इस अवसर पर विशेष अतिथि डी. गोपाल जी  ने अटल बिहारी वाजपेयी की अनेक महत्वपूर्ण सेवाओं को याद किया और कहा कि वाजपेयी जी ने सड़कों को गांव गांव से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया . इतना ही नहीं, उन्होंने देश का गौरव बढ़ाने के लिए पोखरण जैसे परीक्षण भी किए. आयोजित कवि सम्मेलन में अनेक गणमान्य कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजिका डॉ प्रेमलता श्रीवास्तव, मीनाक्षी, सौरिश, चंपालाल बैद और कवि गोविंद अक्षय ने अहम भूमिका निभाई. अंत में कार्यक्रम के  मुख्य संयोजक जी. अश्विनी कुमार ने सभी आगंतुक कवियों  द्वारा खूबसूरत काव्य पाठ प्रस्तुत करने के लिए आभार व्यक्त किया जबकि  कवि गोविंद अक्षय  द्वारा सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ.