मैं तुम्हें लात मारूंगा, यूपी और बिहार के लोगों को राज ठाकरे की चेतावनी, और क्या कहा..
राज ठाकरे के बाद रैली को संबोधित करते हुए शिवसेना (यूबीटी ) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी मुंबई का नाम बदलकर 'बंबई ' रखना चाहती है. उन्होंने इसके लिए तमिलनाडु के भाजपा नेता अन्नामलाई की टिप्पणियों का हवाला दिया.
मुंबई/ हैदराबाद, 14 जनवरी 2026. एमएनएस यानी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने एक बार फिर यूपी और बिहार का मुद्दा छेड़ दिया है. उन्होंने हिंदी भाषा को लेकर चेतावनी दी है कि वह अन्य राज्यों से आने वाले अप्रवासियों को ' लात मारकर ' बाहर कर देंगे. रविवार को राज ठाकरे ने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के साथ मिलकर एक रैली की. बृहतमुंबई महानगर पालिका चुनाव के लिए 15 जनवरी ( गुरुवार ) को मतदान होगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज ठाकरे ने कहा, 'यूपी और बिहार के लोगों को समझना चाहिए कि हिंदी आपकी भाषा नहीं है. मुझे भाषा से नफरत नहीं है लेकिन अगर आप इसे थोपने की कोशिश करेंगे, तो मैं आपको लात मारकर बाहर कर दूंगा.' उन्होंने कहा, 'वो हर तरफ से महाराष्ट्र में आ रहे हैं और आपका हिस्सा ले जा रहे हैं. अगर जमीन और भाषा चली गई, तो आप खत्म हो जाएंगे.'
उन्होंने कहा, 'यह मराठी मानुष के लिए आखिरी चुनाव है . अगर आप आज मौका छोड़ देते हैं, तो आप खत्म हो जाएंगे. मराठी और महाराष्ट्र के लिए एक हो जाएं.' उन्होंने कहा, 'मुंबई कई लोगों की कुर्बानी के बाद मिली है. हम उन लोगों को क्या जवाब देंगे.' इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भी निर्देश जारी किए गए. उन्होंने कहा, 'सुबह 6 बजे के लिए तैनात किए गए बीएलए तैयार रहें. अलर्ट रहें, चौकस रहें, लापरवाही न बरतें. अगर कोई भी दोबारा वोट करने आता है, तो उन्हें बाहर फेंक दें.'
उद्धव ठाकरे ने क्या कहा..
राज ठाकरे के बाद रैली को संबोधित करते हुए शिवसेना (यूबीटी ) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी मुंबई का नाम बदलकर 'बंबई' रखना चाहती है. उन्होंने इसके लिए तमिलनाडु के भाजपा नेता के. अन्नामलाई की टिप्पणियों का हवाला दिया. चुनाव से पहले भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि 'भाजपा का हिंदुत्व और राष्ट्रवाद नकली है.' उन्होंने कहा, 'एक ऐसी पार्टी बन गई है जो राष्ट्र को पहले रखने की बजाय भ्रष्टाचार को पहले रखती है.'