विधानसभा पहुंचे केसीआर, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उनसे मिलाया हाथ
तेलंगाना विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) के बीच सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई. सत्र शुरू होने से पहले रेवंत रेड्डी ने की चंद्रशेखर राव से हाथ मिलाया. यह मुलाकात सिंचाई परियोजनाओं पर दोनों नेताओं के बीच हालिया तीखी बयान बाजी के बाद हुई है, जहां बीआरएस ने रेवंत रेड्डी पर अपमानजनक भाषा बोलने का आरोप लगाया था. हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट :-
हैदराबाद, 1 जनवरी 2026. राजनीति में मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए. तेलंगाना विधानसभा में सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. जब मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अपने पूर्ववर्ती और विपक्ष के नेता के चंद्रशेखर राव (केसीआर ) के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत की. शीतकालीन सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी केसीआर के पास गए और हाथ मिलाया.
देखने को मिली थी तीखी बयानबाजी
गौरतलब है कि हाल ही में दोनों नेताओं के बीच सिंचाई परियोजनाओं से संबंधित मुद्दों पर तीखी बयानबाजी हुई थी. मुख्य विपक्षी पार्टी बीआरएस ने रेवंत रेड्डी पर के चंद्रशेखर राव के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और यहां तक कि उनकी मृत्यु की कामना करने का आरोप लगाया था.