एक दर्जन लोगों ने दो दोस्तों को कुल्हाड़ी से काटा, एक की फोड़ दी आंख
गाजीपुर में वर्चस्व की लड़ाई में दो युवकों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों शवों के साथ पुलिस थाने का घेराव किया. यहां तक कि उनकी पुलिस से नोक झोंक भी हुई. हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-
गाजीपुर / हैदराबाद, 28 दिसंबर 2025. यूपी के गाजीपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां वर्चस्व की लड़ाई में बीते दिनों दो युवकों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने शवों के साथ थाने का घेराव किया. उन्होंने तारीघाट - बारा हाईवे पर चक्का जाम भी किया. वहां मौजूद पुलिस से उनकी नोक झोंक भी हुई. बाद में डीआईजी ने गुस्साए लोगों को शांत कराकर 9 घंटे बाद चक्का जाम समाप्त कराया. गांव में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं एवं इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है.
यह घटना गाजीपुर में गहमर क्षेत्र के पट्टी खेमन राय गांव का है. विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह जब बीती रात बाइक से खेलू राय गांव में आए तब करीब एक दर्जन लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. खबर है कि हमलावरों ने उन्हें अर्जुन बाबा की परती स्थित तालाब में फेंक दिया. इस बीच विक्की सिंह और सौरभ सिंह के मृतक शरीर तालाब से बरामद कर लिए गए हैं.
सौरभ की फोड़ दी दाहिनी आंख, विक्की का चेहरा क्षत - विक्षत
गहमर गांव के पट्टी खेमन राय के 21 वर्षीय विक्की सिंह, पट्टी बाबू राय के 21 वर्षीय सौरभ सिंह और पट्टी घोपाल राय निवासी 23 वर्षीय अंकित सिंह तीनों दोस्त थे. रात में गांव के पट्टी खेलू राय पर जैसे बाइक पर सवार होकर पहुंचे कि चारों से एक दर्जन से अधिक संख्या में हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. जब तक वह कुछ समझने की कोशिश करते तब तक कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियार से उन पर टूट पड़े. हालांकि जान बचाकर तीनों दोस्त भागने लगे लेकिन हमलावरों ने उन्हें दौड़ा दौड़ाकर हमला करते रहे. जब तीनों दोस्त लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए तब हमलावरों ने सौरभ की दाहिनी आंख फोड़ दी और विक्की का चेहरा छत - विछत कर दिया. इसके बाद भी वे नहीं माने. तीनों को अर्जुन बाबा की परती स्थित तालाब में फेंक कर चले गए. इधर लोगों ने दुस्साहस को देखकर अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए.
कोतवाली से एक किमी दूर की घटना
30 मिनट तक हमलावर खूनी खेल खेलते रहे. पुलिस को जानकारी होने पर भी 30 मिनट बाद मौके पर आई. अगर समय से पहुंच जाती पुलिस तो शायद तीनों युवकों की जान बच जाती. गहमर कोतवाली से महज 1 किमी की दूरी पर पट्टी खेलू राय गांव है. जब हमलावर ताबड़तोड़ प्रहार कर रहे थे तो उनकी चीख पुकार दूर-दूर तक सुनाई दे रही थी. सूत्र बताते हैं कि किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को तत्काल दी थी. लेकिन पुलिस 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची तो वहां पर कुछ नहीं दिखा. किसी तरह से लोगों के बताने के बाद तालाब की तरफ भागे और 2 शवों को बरामद किया.
अमित और विक्की में हुआ था विवाद
गहमर पट्टी खेलूं राय के अमित सिंह से विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित के साथ किसी बात को लेकर दो माह पूर्व चाकूबादी और मारपीट भी हुई थी. दोनों पक्षों का गहमर बुढ़वा महादेव मंदिर के समीप आमना सामना हुआ था. यहां तक कि उनके बीच फायरिंग भी हुई थी.
17 घंटे बाद दर्ज कराई गई रिपोर्ट
पुलिस डीआईजी वैभव कृष्ण और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनके साथ खड़ी है और तब जाकर सहमे हुए परिजन हिम्मत जुटा पाए एवं विक्की के पिता संजय सिंह उर्फ गांधी ने घटना के 17 घंटे बाद गहमर पट्टी खेलू राय निवासी अमित सिंह समेत उसके 13 साथियों पर प्राथमिकी दर्द कराई. इस मामले में पुलिस ने अब तक तेरह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर एक दर्जन लोगों को हिरासत में दिया है . आगे की करवाई की जा रही है.