Thailand train accident: 120 KM की स्पीड में चल रही थी ट्रैन; थाईलैंड में ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हुई, 79 रेल यात्री हुए घायल
Thailand train accident: थाईलैंड और चीन को जोड़ने वाले रेलवे लिंक काम चलने के दौरान एक क्रेन चलती ट्रेन पर गिर पड़ी और यह हादसा हो गया.
बैंकॉक/ हैदराबाद, 14 जनवरी 2026. थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई जबकि इस हादसे में 79 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह दुर्घटना तब घटी जब बुधवार सुबह चलती ट्रेन के एक डिब्बे पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली क्रेन गिर गई. ट्रेन के एक कर्मचारी थिरासाक वांगसूनंगनर्न ने स्थानीय मीडिया को बताया कि दुर्घटना के समय ट्रेन की रफ्तार करीब 120 किमी प्रति घंटे थी और जब क्रेन गिरी तो बाकी पैसेंजर सहित वो हवा में दूर जाकर गिरे.
सूत्र बताते हैं कि थाईलैंड और चीन के बीच रेलवे लिंक बनाया जा रहा है और चीन की सरकार ने कहा है कि हादसे वाले क्षेत्र को एक थाई कंपनी बना रही थी. 5.4 अरब डॉलर की लागत से हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है जो बैंकॉक को चीन के कुनमिंग से जोड़ेगा. सूत्रों के मुताबिक यह हादसा बैंकॉक के उत्तर में स्थित नाखोन रत्चासिमा प्रांत में हुआ. रेलवे के गवर्नर को इस हादसे के कारणों की "पूरी और व्यापक" जांच करने को कहा गया है. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में 195 यात्री और स्टाफ सवार थे.
स्थानीय पुलिस ने 28 मौतों की पुष्टि की
हादसे में 28 लोगों की मौत हुई है और 79 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हालांकि, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.