• हैदराबाद में  1 जनवरी से वार्षिक मेले 'नुमाइश ' की होगी आगाज, डिप्टी सीएम करेंगे उद्घाटन

    हैदराबाद का लोकप्रिय वार्षिक व्यापार मेला 85वीं अखिल भारतीय औद्योगिक प्रदर्शनी ( नुमाइश ), की शुरुआत 1 जनवरी से होगी एवं इसका उद्घाटन राज्य के डिप्टी सीएम  मल्लू भट्टी विक्रमार्क करेंगे. हैदराबाद से  समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की  खास रिपोर्ट:- 
     हैदराबाद, 29 दिसंबर 2025. हैदराबाद का लोकप्रिय वार्षिक व्यापार मेला, 85वीं अखिल भारतीय औद्योगिक प्रदर्शनी 'नुमाइश' की शुरुआत 1 जनवरी से होगी. 'नुमाइश' का उद्घाटन तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क  करेंगे. राज्य के उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने रविवार को बताया कि 45 दिनों तक चलने वाली इस वार्षिक प्रदर्शनी के लिए विशाल 'नुमाइश' मैदान में 1050 स्टॉल लगाए जाएंगे. अखिल भारतीय औद्योगिक प्रदर्शनी  समिति ने मेले में  अपने उत्पादों की बिक्री के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के  व्यापारियों और व्यावसायिक संगठनों को स्टॉल आवंटित किए हैं. आयोजकों ने प्रवेश शुल्क 40 रुपए   प्रति व्यक्ति से बढ़ाकर 50 रुपए कर दिया है. वहीं, 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए प्रवेश नि : शुल्क होगा.


    उद्योग मंत्री ने कहा कि ' नुमाइश ' उद्दम, संस्कृति और साझा सार्वजनिक जीवन पर आधारित एक समृद्धि विरासत को आगे  बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि आज भी एक ऐसा मंच है जहां कारीगर, लघु एवं मध्यम उद्यम, परिवार और समुदाय नवाचार, परंपरा और किफायतीपन का अनुभव करने के लिए एक साथ आते हैं. श्रीधर बाबू ने कहा कि इस वर्ष का नुमाइश सुरक्षा, सुलभता और अवसरों पर खास ध्यान केंद्रित करता है, खासकर महिला उद्यमियों के लिए, साथ ही भावना को बरकरार रखता है जिसने इसे पीढ़ियों से एक अनिवार्य वार्षिक परंपरा बना दिया है. प्रदर्शनी प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10:30 बजे तक आगंतुकों के लिए खुली रहेगी. जबकि शनिवार और रविवार को यह प्रदर्शनी रात 11 बजे तक खुली रहेगी. उल्लेखनीय है कि 'नुमाइश' की शुरुआत यहां 1938 में स्थानीय रूप से उत्पादित वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए हुई थी. इसे हैदराबाद स्टेट के 7 वें निजाम, मीर उस्मान अली खान ने 'नुमाइश' का प्रथम लोकार्पण किया था.