बारात में दूल्हे की घोड़ी कुएं में कूदी, फिर दूल्हे राजा का क्या हुआ?
खंडवा, 10 फरवरी 2026। मध्य प्रदेश में खंडवा के पंधाना ब्लॉक के ग्राम फतेहपुर में एक विवाह समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात में शामिल घोड़ी अचानक बेकाबू होकर कुएं में जा गिरी. जानकारी के अनुसार, ग्राम आवल्या विट्ठल से बारात फतेहपुर पहुंची थी. दूल्हा घोड़ी पर सवार था और बाराती ढोल-डीजे की तेज आवाज पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे. अचानक तेज संगीत से घोड़ी असंतुलित हो गई. दूल्हे ने सूझबूझ दिखाते हुए घोड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली. इसके बाद घोड़ी पास स्थित खुले कुएं में गिर गई. करीब एक घंटे चले रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों की मदद से घोड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
कानफोड़ू संगीत से घबराई घोड़ी
जानकारी के अनुसार ग्राम आवल्या विठ्ठल से बारात ग्राम फतेहपुर पहुंची थी। दोपहर करीब दो बजे बारात के दौरान दूल्हे को घोड़ी पर बैठाया गया। ढोल-डीजे की तेज आवाज पर बाराती नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे, तभी तेज संगीत से घोड़ी घबरा गई और संतुलन खो बैठी। अचानक बेकाबू हुई घोड़ी दूल्हे को लेकर पास में स्थित खुले कुएं की ओर बढ़ गई।
ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
स्थिति को भांपते हुए दूल्हे ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घोड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। इसके कुछ ही क्षण बाद घोड़ी पानी से भरे खुले कुएं में गिर गई। घटना के बाद बारातियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद घोड़ी को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खुले कुएं पर शीघ्र सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से जनहानि न हो। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते दूल्हा घोड़ी से न कूदता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।