सुबह ट्रंप ने मोदी को किया फोन, एक्स्ट्रा टैरिफ को लेकर शाम को आ गई बड़ी खबर
वाशिंगटन/ दिल्ली, 2 फरवरी 2026। भारत और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों में एक बड़ा मोड़ आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करने का बड़ा ऐलान किया है। इस कटौती के बाद अब भारत पर कुल टैरिफ 43% रह जाएगा। रूसी तेल पर बड़ा फैसला ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी रूसी तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से अधिक ऊर्जा संसाधन खरीदने पर सहमत हो गए हैं। युद्ध की स्थिति को देखते हुए यह तय हुआ है कि भारत जरूरत पड़ने पर वेनेजुएला से भी तेल खरीदेगा, जिससे रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मदद मिल सके।
ऐतिहासिक व्यापार समझौता ट्रम्प ने पीएम मोदी को अपना "मजबूत और सम्मानित मित्र" बताते हुए कहा कि भारत के अनुरोध पर दोनों देशों के बीच तुरंत एक व्यापार समझौता हुआ है। इसके तहत जहां अमेरिका ने टैरिफ में कटौती की है, वहीं भारत ने भी "BUY AMERICAN" की नीति अपनाते हुए अमेरिका से 500 अरब डॉलर की ऊर्जा, तकनीक, कृषि और कोयला खरीदने का वादा किया है। भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और व्यापारिक बाधाओं को शून्य करने की दिशा में भी काम करेगा।
बढ़ती नजदीकी : 13 महीने में 7 बार बातचीत
ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद से दोनों नेताओं के बीच यह 7वीं फोन कॉल थी। इससे पहले ट्रम्प ने इंडिया गेट की सराहना करते हुए 'आर्क डी ट्रम्प' बनाने की अपनी योजना साझा की थी। कल ही उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि भारत अब ईरान के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदने का सौदा कर चुका है। इस समझौते से न केवल द्विपक्षीय व्यापार बढ़ेगा, बल्कि वैश्विक शांति और स्थिरता के क्षेत्र में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे।