ट्रम्प टैरिफ में कटौती के बाद झूम उठे बाजार, डील के बाद शेयर, निफ्टी और सोना- चांदी में भारी उछाल
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने से शेयर मार्केट में बड़ी उछाल आई है। लंबे समय से इसका इंतजार किया जा रहा था क्योंकि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है। इस डील से एक्सपोर्टर्स के साथ-साथ शेयर बाजार के निवेशकों में भी उत्साह का माहौल है। विदेशी निवेशकों के एक बार फिर भारतीय बाजार का रुख करने की उम्मीद है।
नई दिल्ली, 3 फरवरी 2026। पिछले साल उन्होंने भारतीय बाजार में भारी बिकवाली की थी और जनवरी में भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया था। लेकिन अमेरिका के साथ डील से सबकुछ बदलने वाला है। जानिए हरेक अपडेट..
डील से किन शेयरों को होगा फायदा
अमेरिका के बाद ट्रेड डील के बाद आज अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी तेजी आई है। जेफरीज के मुताबिक इस डील से अडानी ग्रुप की कंपनियों को फायदा हो सकता है। अडानी ग्रीन के शेयरों में 13 फीसदी तक तेजी आई है जबकि अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 10 फीसदी उछला है। अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी पोर्ट्स और अडानी टोटल गैस के शेयरों में 6 से 8 फीसदी तक तेजी आई है।
500 अरब डॉलर का तेल खरीदेगा भारत!
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर का तेल, कोयला, टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चरल और दूसरे प्रोडक्ट्स खरीद सकता है। रॉयटर्स के मुताबिक भारत सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका के ट्रेड डेफिसिट को कम करने के लिए भारत अमेरिका से सामान खरीदने के लिए सहमत हुआ है। ट्रेड मिनिस्ट्री ने इस बारे में ईमेल का तत्काल जवाब नहीं दिया।
अमेरिका से क्या-क्या खरीदेगा भारत?
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील हो गई है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि ट्रेड डील के मुताबिक भारत अमेरिका से पेट्रोलियम, डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकॉम प्रोडक्ट्स और एयरक्राफ्ट खरीदेगा। सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के बीच ज्यादा व्यापक डील पर बातचीत अभी जारी है।
डील होते ही जैफरीज ने बदला पोर्टफोलियो
भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील हो गई है। इसके बाद जैफरीज ने अपना इंडिया मॉडल पोर्टफोलियो में बदलाव किया है। कंपनी ने मेटल में एक्सपोजर बढ़ाया है। जेफरीज का मानना है कि अमेरिका के टैरिफ घटाने से भारत की ऑटो एंसिलियरीज, सोलर मैन्यूफैक्चरर्स, केमिक्ल, टेक्सटाइल्स और अडानी ग्रुप की कंपनियों को फायदा होगा। अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पावर और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस को फायदा हो सकता है।
पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन पर कितना है टैरिफ
अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। इससे अमेरिका के बाजार में भारत का सामान चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश की तुलना में सस्ता हो गया है। अमेरिका ने चीन के अधिकतर सामान पर 34 फीसदी टैरिफ लगाया है।
15 मिनट में 13 लाख करोड़ का फायदा
शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 3,500 अंक की तेजी आई जबकि निफ्टी 1200 अंक उछल गया। इससे निवेशकों की नेटवर्थ में 13 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। इस तेजी से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 13 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 468.32 लाख करोड़ पहुंच गया। भारत और अमेरिका के बीच डील से विदेशी निवेशकों के भारत लौटने की उम्मीद है।
Gold and Silver Price: सोने और चांदी में भारी उछाल
इस बीच सोने और चांदी की कीमत में भी आज तेजी आई है। तीन दिन की गिरावट के बाद चांदी की कीमत में आज एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में 17,000 रुपये से अधिक तेजी आई है। सुबह 9.30 बजे मार्च डिलीवरी वाली चांदी 17,738 रुपये की तेजी के साथ 2,53,999 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। इसी तरह अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 4595 रुपये की तेजी के साथ 148586 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रही थी।
Share Market Update: शेयर मार्केट में भारी उछाल
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील से शेयर मार्केट में आज भारी उछाल देखा जा रहा है। बीएसई सेंसेक्स में 2500 अंक से अधिक तेजी आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 700 अंक से अधिक उछला है। 9.22 बजे सेंसेक्स 2509.30 अंक यानी 3.07% की तेजी के साथ 84,175.76 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 769.90 अंक यानी 3.07% तेजी के साथ 25,858.30 अंक पर आ गया।