नए वर्ष पर छत्तीसगढ़ को केंद्र का बड़ा तोहफ़ा, 665 करोड़ की 4 सड़कों की स्वीकृति
नव वर्ष के दिन छत्तीसगढ़ को नितिन गडकरी का बड़ा तोहफा मिला है। केंद्र ने छत्तीसगढ़ के लिए 174 किमी की चार सड़कों के लिए 665 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इस पर CM साय और डिप्टी सीएम अरुण साव ने पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
रायपुर, 1 जनवरी 2026। नव वर्ष के दिन छत्तीसगढ़ को भारत सरकार का बड़ा तोहफा मिला है। राज्य की 4 सड़कों की चौड़ीकरण और उन्नयन के लिए 664 करोड़ 67 लाख रुपए मंजूर किए हैं। सीआरआईएफ (Central Road & Infrastructure Fund) से प्राप्त होने वाली इस राशि से राज्य के पांच जिलों में करीब 174 किलोमीटर सड़कों के विकास और उन्नयन के कार्य किए जाएंगे। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने आज राशि स्वीकृति का आदेश राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह को भेजा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने राज्य में सड़कों के विकास के लिए इतनी बड़ी राशि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा भारत सरकार को भेजे गए प्रस्ताव की मंजूरी के बाद करीब 665 करोड़ रुपए से चार सड़क खंडों के कुल 174 किमी लंबाई का विकास और उन्नयन होगा। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मुंगेली जिले के कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग के 21 किमी भाग में फोरलेन के निर्माण और मजबूतीकरण के लिए 156 करोड़ 33 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। कांकेर जिले में कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग की 48.4 किमी टू-लेन विद्यमान सतह के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के लिए 130 करोड़ 63 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा सीआरआईएफ से सुकमा से दंतेवाड़ा मार्ग के 68 किमी लंबाई में टू-लेन सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 230 करोड़ 85 लाख रुपए तथा गरियाबंद जिले में राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग में 35.5 किमी लंबाई में सड़क की मजबूती और उन्नयन के लिए 146 करोड़ 86 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इन महत्वपूर्ण मार्गों के विकास एवं उन्नयन से राज्य का 174 किमी राज्यीय राजमार्ग और मुख्य जिला मार्ग अच्छी होंगी और आवागमन बेहतर होगा।