गैंगस्टर रवि पुजारी गिरफ्तार, रेमो डिसूजा से 50 लाख की रंगदारी और धमकी
बॉलीवुड निर्देशक रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी से रंगदारी मांगने के एक मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 50 लाख की धमकी और फिल्म विवाद से जुड़ा है यह मामला. हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट :-
मुंबई/ हैदराबाद, 25 जनवरी 2026. मुंबई पुलिस की एंटी - एक्सटॉर्शन सेल को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक रेमो डिसूजा तथा उनकी पत्नी लीजेल डिसूजा को धमकाने और रंगदारी मांगने के एक मामले में गिरफ्तार किया है. यह मामला 2018 का है, लेकिन अब जाकर इस मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी की औपचारिक गिरफ्तारी हो पाई है.
27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में रहेंगे रवि पुजारी
गौरतलब है कि रवि पुजारी को करीब 5 साल पहले सेनेगल से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था और वह तब से जेल में बंद है. हालांकि, इस खास केस में उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई थी. शनिवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसे एसप्लानेड कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
50 लाख रुपए रंगदारी की मांग की गई थी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में पहले ही आरोपी बनाए जा चुके सत्येंद्र त्यागी के कहने पर रवि पुजारी ने रेमो डिसूजा को धमकियां दी थी. आरोप है कि अक्टूबर 2016 से फरवरी 2018 के बीच रवि पुजारी ने रोमो डिसूजा, उनकी पत्नी लिजेल और मैनेजर को कई बार फोन पर डराया धमकाया. इन कॉल्स के जरिए फिल्म 'डेथ ऑफ अमर' की रिलीज जल्दी करने का दबाव बनाया गया और मामला "सेटल" करने के लिए ₹50 लाख की मांग की गई.
मामले की पृष्ठभूमि
साल 2018 में रेमो डिसूजा और सत्येंद्र त्यागी के बीच 'अमर मस्ट डाई ' नाम की फिल्म को लेकर एक एग्रीमेंट हुआ था. बाद में दोनों के बीच फिल्म के कुछ अधिकारों और पैसों को लेकर विवाद खड़ा हो गया. त्यागी का दावा था कि उसने फिल्म में भारी पैसा लगाया था और करीब 5 करोड़ रुपए उसे मिलने थे, जो रेमो डिसूजा के तरफ से नहीं दिए गए.