रंगभूमि में गूँजा का सफ़र : द सफ़र - ए पोएट्री क्यूरेटेड शो बना यादगार
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 4 फरवरी 2026. यहां के लिंगमपल्ली के रंगभूमि सभागार में आयोजित एकदिवसीय द सफ़र - ए पोएट्री क्यूरेटेड शो साहित्य और कला प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनकर उभरा. आयोजित इस भव्य काव्य संध्या का क्यूरेशन अंकित सिंह द्वारा किया गया, जबकि फहद हसन ने डिजिटल स्पॉन्सर के रूप में शो को सहयोग प्रदान किया. जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों ने टिकट लेकर इस शो में शामिल हुए, जो इस आयोजन की लोकप्रियता और सफलता को दर्शाता है.
कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर समापन तक श्रोताओं पर कविता, शायरी और भावनात्मक प्रस्तुतियों का गहरा असर देखने को मिला. शो के समापन के बाद दर्शकों द्वारा की गई सराहना और सकारात्मक प्रक्रियाएं इस बात का प्रमाण रहीं कि यह आयोजन न केवल सफल रहा, बल्कि शहर में साहित्यिक चर्चा का केंद्र भी बन गया. वहीं, अब सोशल मीडिया पर भी इस शो की गूँज लगातार देखने को मिल रही है.
आयोजित इस काव्य संध्या में कुल 10 क्यूरेटेड कलाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियां दीं, जिनमें सचिन कुमार झा, प्रदीप मिश्रा, शंतनु मिश्रा, विशिष्ट कवि गोविंद अक्षय, कंचन राजोरिया, खालिद परवाना, दानिश अलबेला, प्रियंका गुप्ता, गिरीश शर्मा और स्वयं अंकित सिंह 'सफ़र ' शामिल रहे. जबकि कार्यक्रम की मेज़बानी तरुण ने बेहद प्रभावशाली अंदाज में की, जिसने पूरे आयोजन को एक सुंदर प्रवाह प्रदान किया. इसके अतिरिक्त, इस शो के लिए चयनित किए गए पांच ओपनिंग कलाकारों - डॉ. नाज़िया, किरण भारद्वाज, सना जिक्रनामा, विजय कुमार एवं एस. एम. स्वाति- ने भी अपनी प्रस्तुतियों से मंच को सशक्त बनाया और दर्शकों का दिल जीता. इस सफल आयोजन के पीछे सशक्त प्रबंधन की अहम भूमिका रही, जिसे प्रिया विनायक जी ने बखूबी संभाला. साथ ही सचिन कुमार झा, शंतनु मिश्रा, साकेत गुप्ता और प्रदीप मिश्रा के सहयोग ने शो को और भी सुदृढ बनाया.
कुल मिलाकर द सफ़र - पोएट्री क्यूरेटेड शो साहित्यिक मंच पर एक सफल और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, जिसने शहर की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध किया. वहीं, दर्शकों की निरंतर सराहना और चर्चा यह संकेत देती है कि आने वाले समय में ऐसे और भी सार्थक साहित्यिक आयोजनों की उम्मीद की जा सकती है. इस मौके पर सभी अतिथियों, कलाकारों, कवियों और शायरों का संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह और शाल भेंटकर सम्मानित किया गया एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ.