Odisha: नवजात बच्ची को क्यों बेच दिया मां-बाप ने?
ओड़िशा के भद्रक जिले में एक नवजात बच्ची को बेचने का मामला सामने आया है. यह घटना जिले के भंडारी पोखरी थाने के अंतर्गत बयांबनापुर गांव की है. पढ़िए, हैदराबाद से देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
भद्रक/ हैदराबाद, 18 जनवरी 2026. नवजात बच्ची की मां रंजीता नायक ने मीडिया को बताया कि 80 हजार रुपए कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने अपने एक रिश्तेदार को 35 हजार रुपए के लिए नवजात बच्ची को बेच दिया था. रंजीत के मुताबिक, उन्होंने अपने पति सीपू दास के साथ मिलकर यह फैसला लिया था.
दरअसल, बच्ची को बेचे जाने की आशंका सबसे पहले बच्ची की दादी को हुई और उन्होंने इस बारे में यहां के भंडारी पोखरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया, इसके बाद बच्ची को कटक शहर के राजा बगीचा इलाके से रेस्क्यू किया गया. खबर के मुताबिक, बच्ची को रंजीता नायक के एक रिश्तेदार के घर से बरामद किया गया. नवजात बच्ची को फिलहाल यहां के बाल कल्याण समिति की निगरानी में रखा गया है. समय से पहले जन्म लेने और वजन कम होने के कारण नवजात बच्ची को इलाज की जरूरत है.
पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद मां-बाप को छोड़ा
हालांकि, पुलिस ने नवजात बच्ची के माता-पिता को गिरफ्तार तो किया लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया. बाल कल्याण समिति अध्यक्ष सुब्रत बिस्वाल ने बताया कि "शिशु की हालत स्थिर है और उन्हें भद्रक जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. बच्ची की मां भी उसके साथ है."
सुब्रत बिस्वाल ने कहा, "कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बच्ची की देख कैसे की जाएगी, वह तय किया जा रहा है. बाल कल्याण समिति यह तय करेगी कि जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत बच्ची के माता-पिता के खिलाफ
क्या एक्शन लिया जा सकता है." वहीं, भद्रक के पुलिस अधीक्षक मनोज राउत ने बताया कि "नवजात बच्ची को बेचने की घटना में पुलिस ने बच्ची के माता-पिता के अलावा मध्यस्थ का काम करने वाली बच्ची की नानी रम्भावती नायक और बच्ची को खरीदने वाली रिश्तेदार शांति नायक के खिलाफ एक्शन लिया गया है."
जिला पुलिस ने इन चार लोगों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 35 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि शांति नायक किसी दूसरे को इस नवजात बच्ची को देने वाली थी लेकिन इस बीच पुलिस ने उन्हें दबोच लिया और बच्ची को रेस्क्यू कर लिया. एसपी मनोज राउत का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है और सबूत मिलने पर इस मामले से जुड़े कुछ और लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.