मंदिर में तोड़फोड़ के बाद तनाव, पथराव और आगजनी में कई पुलिस समेत अन्य 10 लोग घायल
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पुरानापुल इलाके में देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने एक धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की. इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है. घटना गुरुवार रात हुई और इसके बाद पथराव हुआ. पथराव में एक पुलिस इंस्पेक्टर समेत कुछ कांस्टेबल और 10 अन्य लोग घायल हो गए. वहीं, कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट :-
हैदराबाद, 17 जनवरी 2026. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से बड़ी खबर सामने आई है. यहां हैदराबाद के पुराना पुल दरवाजे पर देर रात उस समय तनाव का माहौल देखा गया जब अज्ञात लोगों ने एक मंदिर में तोड़फोड़ की. अज्ञात लोगों के द्वारा मंदिर में तोड़फोड़ की खबर फैलते ही घटनास्थल के आसपास भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई. गुस्साए भीड़ ने इलाके में जमकर हंगामा और पथराव किया एवं कई वाहनों में आग लगा दी. खबर है कि इस हिंसा में एक पुलिस इंस्पेक्टर सहित कई पुलिसवाले एवं अन्य 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
इस संबंध में पुलिस अफसरों का कहना है कि तोड़फोड़ की घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिसबल ने स्थिति को नियंत्रण में किया और गुस्साए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. इस बीच स्थानीय सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.
दो समुदायों में पथराव, आगजनी
पुलिस ने बताया कि मंदिर में तोड़फोड़ से गुस्साए भीड़ ने जमकर नारेबाजी की. जिससे तनाव और बढ़ गया और पास के एक अन्य समुदाय के धार्मिक स्थल पर जाकर कब्रों में तोड़फोड़ की. गुस्साए लोगों ने वहां एक धार्मिक झंडे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और कई वाहनों में आग लगा दी. इस कारण मुसी नदी के किनारे स्थित व्यस्ततम चौराहे पर घंटों यातायात ठप रहा. हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थानीय लोगों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद हालात पर काबू पाया गया. अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मूर्ति की मरम्मत करा दिए जाने का आश्वासन भी दिया. वहीं प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अशांति को रोकने के लिए पूर्ण पुल और आसपास इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए हैं.
ओवैसी ने की शांति की अपील
इस बीच हैदराबाद के सांसद तथा एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इलाके का दौरा कि और हालात का जायजा लेने के बाद स्थानीय निवासियों और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की. असदुद्दीन ओवैसी ने लोगों से शांति बनाए रखने एवं जांच कर रहे अधिकारियों को सहयोग देने की अपील की.
पुलिस ने अफवाहों से बचने को कहा
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि प्रारंभिक तौर पर के पीछे के लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है. वहीं, इलाके में शांति सुनिश्चित करने के लिए हर उचित कदम उठाए जा रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है.