• तेलंगाना में  विश्व प्रसिद्ध आदिवासी महोत्सव 'मेदाराम महायात्रा' आज बुधवार से शुरू, 3 करोड़ लोगों के जूटने की उम्मीद

    मेदाराम में  28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध आदिवासी देवियों 'सम्मक्का और सरलम्मा' की 'महा जातरा' में इस राज्य के अलावा छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, ओड़िशा समेत अन्य क्षेत्रों से लगभग 3 करोड़ श्रद्धालुओं के जुटान होने की उम्मीद है. हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट :- 

    हैदराबाद, 28 जनवरी 2026. तेलंगाना के  मुलुगू जिले के मेदाराम में  28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध आदिवासी देवियों 'सम्मक्का और सरलम्मा' की 'महा जातरा ' में इस राज्य के अलावा छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, ओड़िशा समेत अन्य क्षेत्रों से लगभग 3 करोड़ श्रद्धालुओं के जुटान होने की उम्मीद है. राज्य सरकार ने  द्विवार्षिक चार दिवसीय इस महायात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. इस उत्सव को विश्व के सबसे बड़ी आदिवासी आध्यात्मिक पर्वों में से एक माना जाता है.

    'महायात्रा ' आज यानी 28 जनवरी बुधवार शाम  6 बजे आदिवासी पुरोहितों द्वारा सरलम्मा, गोविंद राजू और पगीदिद्दाराजू की प्रतिमाओं को वेदी पर स्थापित करने के साथ शुरू होगी. राज्य सरकार ने करीब 6 महीने पहले ही इस उत्सव की तैयारी शुरू कर दी थी और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बीते 19 जनवरी को देवी सम्मक्का और सरलम्मा के पुननिर्मित मंदिर का उद्घाटन किया था. राज्य सरकार ने  101 करोड़ रुपए की लागत से  आदिवासी देवताओं   सम्मक्का, सरलम्मा, गोविंद राजू और पगीदिद्दाराजू की वेदी का पुनर्निर्माण कराया है.

    वर्ष 2026 की 'महायात्रा' में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 150 करोड़ रुपए की  लागत से विकास कार्य भी किए हैं. श्रद्धालुओं के आगमन और प्रस्थान, बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं समेत इस महोत्सव के आयोजन में सरकारी विभाग और लगभग 42000 कर्मी को शामिल किया गया है. सरकार  ने 'महायात्रा' क्षेत्र को  आठ प्रशासनिक क्षेत्रों और 42 सेक्टरों में विभाजित किया है. वहीं, तेलंगाना सड़क परिवहन निगम  ने इस महोत्सव के लिए 4000 बसें तैनात करने की योजना बनाई है. इस भव्य आयोजन के लिए 5000 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी, सरकारी एंबुलेंस और 40 बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है.

    राज्य सरकार ने डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक आधिकारिक वेबसाइट, एक मोबाइल एप्लीकेशन और एक व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किया है. सरकार द्वारा 'महायात्रा' को दिए जा रहे महत्व को दर्शाते हुए मुख्यमंत्री रेड्डी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हाल ही में मेदाराम में हुई  थी. यह पहली बार है कि राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हैदराबाद से बाहर की गई.