• बीएचयू में छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, पत्थरबाजी, कैंपस में  पुलिस बल तैनात, बिरला छात्रावास के 11 कमरे सील

    वाराणसी के  बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में उस समय माहौल  तनावपूर्ण हो गया जब बिरला और रुइया छात्रावास के छात्र आपस में भिड़ गए. आरोप है कि बिरला छात्रावास के छात्रों ने रुइया छात्रावास के एक छात्रा को जमकर पीट दिया. जिसके चलते कैंपस में बवाल मच गया और छात्रों के दोनों गुटों में पत्थरबाजी और मारपीट शुरू हो गई. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात करा दिया है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट:-

    वाराणसी, 30 जनवरी 2026. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी
    ( बीएचयू ) कैंपस में छात्रों के दो समूहों के बीच हुए भिड़ंत ने परिसर का माहौल बिगाड़ दिया है. जानकारी के मुताबिक, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के बिड़ला और रुइया हॉस्टल के छात्रों के बीच हुई झड़प और मारपीट के बाद  यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुलिस फोर्स के साथ मिलकर कड़ा कदम उठाया है. हालांकि, अब कैंपस के भीतर तनावपूर्ण शांति की स्थिति बनी हुई है. सूत्र बताते हैं कि गुरुवार शाम  बिरला और रुइया छात्रावास के छात्रों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर नोक झोंक हुई थी. आरोप है कि बिरला छात्रावास के छात्रों ने रुइया छात्रावास के एक छात्र को जमकर पीट दिया. और इसकी खबर जब रुइया छात्रावास में पहुंची तो नौबत मारपीट और पथराव तक पहुंच गई. खबर है कि इस घटना में कई छात्र घायल हो गए हैं. इस बीच कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बीएचयू प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है.

    बिरला छात्रावास के 11 कमरे  सील, सघन जांच जारी 
    देर शाम तक छात्रावासों में सघन जांच चलाई गई  और इस दौरान बिरला हॉस्टल के 11 कमरों को सील कर दिया गया. जांच के दौरान कैंपस के भीतर संदिग्ध वस्तुएं या अवैध रूप से रह रहे लोगों की जांच की गई. हालांकि, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनावपूर्ण भी है.