• ... "अपने बदमाशी कर दी," आरएसएस  की तारीफ पर दिग्विजय सिंह से बोले राहुल गांधी- सूत्र

    इंदिरा भवन में  चाय नाश्ते के दौरान कांग्रेस  के वरिष्ठ नेता अनौपचारिक रूप से आपस में मिल रहे थे और बात कर रहे थे. तभी राहुल गांधी और दिग्विजय  सिंह की मुलाकात हुई. राहुल के तंज पर खुद दिग्विजय सिंह समेत आसपास खड़े नेता  हंस पड़े. सोनिया गांधी भी वहां मौजूद थी. हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की  यह खास रिपोर्ट :-

     नई दिल्ली/ हैदराबाद, 31 दिसंबर 2025. कांग्रेस को आरएसएस - भाजपा संगठन से सीखने की सलाह   देने वाले  अपने बयान के  24 घंटे बाद  वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का राहुल गांधी से आमना- सामना हुआ. सूत्र बताते हैं कि राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, "कल आपने बदमाशी कर दी!"

    दरअसल, कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर  पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में मुख्य कार्यक्रम के बाद चाय नाश्ते का इंतजाम किया गया था. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता अनौपचारिक रूप से आपस में मिल रहे थे और बातचीत कर रहे थे. तभी राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह की मुलाकात हुई. राहुल के तंज पर खुद दिग्विजय सिंह समेत आसपास खड़े नेता हंस पड़े. सोनिया गांधी भी वहां मौजूद थी .

    बीते शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक से ठीक पहले दिग्विजय सिंह ने  लालकृष्ण आडवाणी के साथ नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर का हवाला देते हुए आरएसएस - भाजपा संगठन की तारीफ की थी. दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा था, "मुझे यह चित्र मिला है. बहुत ही प्रभावशाली है. किस प्रकार  आरएसएस  का जमीनी स्वयंसेवक व जनसंघ, बीजेपी का कार्यकर्ता नेताओं की  चरणों में फर्श पर बैठकर   प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना. यह संगठन की शक्ति है. जय सियाराम."


    बाद में दिग्विजय सिंह ने सफाई दी कि वो आरएसएस और पीएम मोदी की विचारधारा के विरोधी हैं और उन्होंने महज संगठन की तारीफ की है. लेकिन उनके बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गांधी के संगठन को गोडसे के संगठन से सीखने की जरूरत नहीं है.