किसानों को 28 फरवरी को मिलेंगे धान के अंतर की राशि 10324 करोड़ रूपए
रायपुर, 27 फरवरी 2026। होली से पहले छत्तीसगढ़ के किसानों की लॉटरी लगने वाली है। 28 फरवरी को मुख्यमंत्री राज्य के 25.28 लाख किसानों को कृषक उन्नति योजना की राशि 10324 करोड़ रुपए का एकमुश्त भुगतान करेंगे। ₹3100 प्रति क्विंटल धान के अंतर की राशि को कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रदाय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखण्ड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को यह राशि जारी करेंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरूण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
वृहद किसान सम्मेलन एवं कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आदान सहायता राशि के वितरण का यह समारोह दोपहर 12 बजे से होगा। 28 फरवरी को पूरे राज्य में विकासखंड मुख्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बिल्हा से बटन दबाकर कृषक उन्नति योजना की राशि 10324 करोड़ का हस्तांतरण करेंगे। वहां से मुख्यमंत्री राज्य भर के विकास खंडों से वर्चुअली जुड़ेंगे और किसानों से बात करेंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को धान का 3100 रूपए प्रति क्विंटल मूल्य दे रही है, जो देश में सर्वाधिक है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य में 25 लाख 28 हजार किसानों को समर्थन मूल्य पर 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। इस योजना का लाभ धान बेचने वाले सभी किसानों को मिलेगा।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसान भाईयों को 35 हजार करोड़ रूपए से अधिक की मदद आदान सहायता के रूप में दी गई है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना एवं अन्य किसान हितैषी योजनाओं को मिलाकर राज्य के अन्नदाताओं को अब तक 1.50 लाख करोड़ रूपए से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई है।