प्रभात मिश्रा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, राज्य शासन ने जारी किया आदेश
रायपुर, 5 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में बरसों से काम कर रहे प्रभात मिश्रा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ही महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। रायपुर, टिकरापारा निवासी प्रभात मिश्रा को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संस्कृति विभाग के अवर सचिव रुचि शर्मा ने गुरुवार को इस आशय का आदेश जारी कर दिया है।
12 अक्टूबर 2025 को सरकार ने प्रभात मिश्रा को कुशाभाऊ पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कार्य परिषद सदस्य नामित किया था। वर्तमान में प्रभात मिश्रा के पास संघ में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रदेश संयोजक का भी दायित्व है। 2018 में उन्हें कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय के अंतर्गत गठित हिंद स्वराज शोधपीठ का अध्यक्ष बनाया गया था।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रभात मिश्रा ने 'आज की आवाज' से बातचीत में सबसे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त किया और कहा कि राजभाषा आयोग के लिए मुख्यमंत्री के संकल्पों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। राजभाषा आयोग के उद्देश्यों को तल्लीनता के साथ पूरा करेंगे। छत्तीसगढ़ की स्थानीय बोलियों के संवर्धन और संरक्षण की दिशा में काम करेंगे।
प्रभात मिश्रा एक वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, पर्यावरणविद् और समाजसेवी के रूप में प्रसिद्ध हैं। उनकी शिक्षा (एम ए समाजशास्त्र और पत्रकारिता ) ने उन्हें सामाजिक सरोकारों और जनसंचार की गहरी समझ दी है। उन्होंने आकाशवाणी, दूरदर्शन और कई राष्ट्रीय चैनलों के माध्यम से जनजागरण का कार्य किया है। पढ़ें संस्कृति विभाग का आदेश..