शशिकांत द्विवेदी ने पदभार ग्रहण किया, छः साल बाद मार्कफेड की कमान सहकारिता नेता को
रायपुर, 5 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के नवनियुक्त प्राधिकारी शशिकांत द्विवेदी ने गुरुवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर कामकाज संभाल लिया। गौरतलब है कि 3 फरवरी को एक आदेश जारी पंजीयक सहकारी संस्थाएं ने द्विवेदी को मार्कफेड का प्राधिकारी नियुक्त किया है। शशिकांत द्विवेदी सहकारिता के खाटी नेता माने जाते हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद द्विवेदी ने प्रदेश में धान खरीदी को 2 दिन बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखकर काम करेंगे। केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ से केंद्रीय पूल में 10 लाख मैट्रिक टन अतिरिक्त चावल लेने का अनुरोध करेंगे जिससे इस वर्ष के धान खरीदी का पूरा निराकरण हो जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित, नवा रायपुर, अटल नगर में कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात शशिकांत द्विवेदी ने मुख्यालय के अधिकारियों के साथ कामकाज को लेकर एक संक्षिप्त बैठक की। इस दौरान विपणन संघ के अधिकारी, अपर प्रबंध संचालक, सचिव, मुख्यलेखाधिकारी, महाप्रबंधक एवं समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। तत्पश्चात वे मुख्यालय के विभिन्न कक्षों में जाकर कामकाज को देखा।
वे वार रूम के ऑनलाइन प्रणाली को देखकर बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने कुछ धान खरीदी केंद्रों को ऑनलाइन मुख्यालय में देखा। इसके साथ ही उन्होंने धान खरीदी केंद्र से संग्रहण केंद्र व राइस मिल को जाने वाले ट्रैकों के जीपीएस सिस्टम से लाइव लोकेशन मुख्यालय में बैठकर स्क्रीन पर देखा। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यदि कोई ट्रक खरीदी केंद्र से धान लेकर संग्रहण केंद्र या राइस मिल के लिए निकला है और रास्ते में यदि 20 मिनट रुक जाता है तो तुरंत मुख्यालय में उसके लाइव लोकेशन के साथ अलर्ट चला जाता है और संबंधित क्षेत्र के उड़न दस्ता की टीम वहां तत्काल पहुंच जाती है।
शशिकांत द्विवेदी के मार्कफेड के प्राधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण के दौरान सुरेन्द्र पाटनी वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता, सोमेश पान्डेय, शिरीष तिवारी, टिकेन्द्र सिंह बनाफर, अभिषेक तिवारी, राहुल द्विवेदी, नीलम सिंह, गीता ठाकुर, विकम ठाकुर, जगमीत सिंह छाबड़ा, देवेन्द्र द्विवेदी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।