• राज्यसभा चुनाव की तारीख की घोषणा, 37 सीटों के लिए 16 मार्च को होगा मतदान..

    राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को द्विवार्षिक चुनाव होंगे. जबकि राज्यसभा चुनावों के लिए 26 फरवरी को चुनाव आयोग की तरफ से नोटिफिकेशन जारी होगा. इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी.

    नई दिल्ली, 19 फरवरी 2026. राज्यसभा चुनावों के लिए तारीख का ऐलान कर दिया गया है. चुनाव आयोग के मुताबिक, 10 प्रदेशों में राज्यसभा की कुल  37 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को होंगे. आयोग की ओर से यह जानकारी सोमवार को दी गई. गौरतलब है कि आगामी अप्रैल महीने में महाराष्ट्र, ओड़िशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार में राज्यसभा की सीटें रिक्त हो रही है. 

    निर्वाचन आयोग ने चुनाव के तारीखों का ऐलान करते हुए बताया है कि राज्यसभा चुनावों के लिए 26 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा. इसके साथ ही  चुनाव प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी. वहीं नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च है, इसके बाद 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी और प्रत्याशी 9 मार्च तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे. मतदान 16 मार्च को होगा और वोटों की गिनती उसी शाम 5 बजे आरंभ होगी. आयोग ने बताया कि, चुनाव का प्रक्रिया 20 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा.

    आयोग ने दिए विशेष निर्देश
    चुनाव आयोग के द्वारा चुनाव को लेकर कुछ विशेष निर्देश दिए गए हैं. आयोग ने साफ किया है कि बैलेट पेपर पर अपनी पसंद बताने के लिए केवल इंटीग्रेटेड वॉयलेट कलर के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए. आयोग के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आयोग द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक, बैलेट पेपर पर अपनी पसंद बताने के लिए चुनाव अधिकारी द्वारा पहले से दिए गए तय स्पेसिफिकेशन वाले इंटीग्रेटेड  वॉयलेट रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा. 

    राज्यसभा का चुनाव कैसे होता है

    दरअसल, देश में राज्यसभा सदस्यों की कुल संख्या 245 है. इनमें से 233 सांसदों का चुनाव अप्रत्यक्ष तौर पर होता है, जबकि 12 सदस्यों को राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किया जाता है. हालांकि, राज्यसभा सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया आम चुनावों से अलग होती है. इसमें जनता सीधे वोट नहीं करती, बल्कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि राज्यसभा सदस्यों का चयन करते हैं.

    छत्तीसगढ़ में भी दो सीट खाली हो रही है

    छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही राज्यसभा की दो सीटें खाली हो जाएंगी। केटीएस तुलसी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील रहे हैं तथा फूलो देवी नेताम बस्तर की आदिवासी नेत्री है तथा वह प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। पहले ये दोनों सीटें कांग्रेस के पास थीं। राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद अब यह समीकरण बदल जाएगा भाजपा और कांग्रेस दोनों को एक-एक सीटें जा सकती हैं।