बिलासपुर से 5 करोड़ का सोना लूटकर भाग रहे बदमाश के मिर्जापुर पुलिस की चेकिंग में फंसे, 4 गिरफ्तार, माल बरामद
मिर्जापुर पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाशों में दो मध्य प्रदेश और दिल्ली के रहने वाले, 2 बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
मिर्जापुर, 19 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ से करीब 5 करोड़ का सोना लूटकर कार से दिल्ली भाग रहे बदमाशों की मिर्जापुर में पुलिस से मुठभेड़ हो गई. इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि कुल चार बदमाश पकड़े गए हैं. लूट की यह वारदात 17 फरवरी को हुई थी. बदमाशों ने 3.678 किलो सोना और व्यापारी की कार लूट ली थी. इसी कार से वे दिल्ली जा रहे थे. पुलिस ने लूट का सोना बरामद कर लिया है. गिरफ्तार बदमाशों में दो मध्य प्रदेश और दिल्ली के रहने वाले हैं.
पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 17 फरवरी की रात कट्टे की नोक पर वसंत विहार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी को रास्ते में चार बदमाशों ने रोक लिया. उनकी कार के सामने बदमाशों ने गाड़ी लगा दी. संतोष तिवारी ने विरोध किया तो उनके सिर पर हथौड़े और पिस्टल से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद बदमाश संतोष तिवारी की गाड़ी और उसमें रखा सोना लेकर फरार हो गए थे. बदमाश मिर्जापुर की रास्ते दिल्ली जा रहे थे. गुरुवार तड़के अहरौरा इलाके में पुलिस से उनकी मुठभेड़ हो गई.
मिर्जापुर पुलिस के मुताबिक सोनबरसा नहर के पास बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग की जा रही थी. बदमाश पुलिस की गाड़ी को देखकर भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी कर उनकी कार को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायर कर दी. जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी. मिर्जापुर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने प्रेस वार्ता कर बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने इनपुट दिया था, जिस पर मिर्जापुर पुलिस 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लूट का 3.678 किलो सोना, 146000 नगद, दो तमंचा, एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया गया है. बरामद सोने की कीमत 5 करोड रुपए बताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में विनोद उर्फ बीनू मध्य प्रदेश के अनूपपुर का रहने वाला है. करीम खान उत्तर प्रदेश के बरेली और विजय लम्बा नई दिल्ली में जगतपुरी का रहने वाला है. तीसरा गिरफ्तार आरोपी मोनू उर्फ राहुल गौतम बुद्ध नगर का निवासी है. विजय पर कुल 67 मुकदमे पहले से दर्ज हैं. इन मुकदमों में ज्यादातर दिल्ली, हरियाणा में दर्ज हैं. वहीं मोनू उर्फ राहुल पर बुलंदशहर और गौतमबुध नगर में 11 मुकदमे दर्ज हैं.
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश मिर्जापुर के रास्ते दिल्ली जाने की फिराक में थे. इस दौरान इनको पकड़ा गया है. चारों से पूछताछ कर जेल भेज दिया गया है. इनके और गैंग का पता किया जा रहा है.