Speaker Vs Opposition: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष एकजूट, अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी
Speaker Vs Opposition: संसद में विपक्ष अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लामबंद हो कर रहा है। खबर है कि बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि कई विपक्षी दल इसे लेकर सहमति जता रहे हैं।
नई दिल्ली, 9 फरवरी 2026। संसद में विपक्ष अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहा है। खबर है कि बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि कई विपक्षी दल इसे लेकर सहमति जता रहे हैं। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। सोमवार को भी सदन को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि विपक्ष बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्षी दल इस प्रस्ताव को लेकर एकजुट भी हो गए हैं और हस्ताक्षर होने बाकी हैं। फिलहाल, किसी पार्टी ने इसे लेकर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। बजट सत्र में हंगामा जारी है। एक ओर जहां विपक्ष के आरोप हैं कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया गया। वहीं, एनडीए सांसद विपक्ष पर संसद चलने नहीं देने के आरोप लगा रहे हैं।
लोकसभा में नहीं चला प्रश्नकाल
लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और बैठक शुरू होने के पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। बैठक शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी और सदस्यों ने मेजें थपथपाकर टीम की जीत की सराहना की।
इसके बाद अध्यक्ष ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, कांग्रेस के सदस्य सदन में उपस्थित नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की अनुमति मांगने लगे। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रश्नकाल में केवल प्रश्न पूछे जाते हैं और कभी किसी सदस्य को अन्य कोई विषय उठाने की अनुमति नहीं दी जाती।
उन्होंने हंगामा कर रहे विपक्षी सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा कि वह बजट पर सदन में होने वाली चर्चा में सभी सदस्यों को उनके लिए आवंटित समय के अनुसार बोलने का अवसर देंगे।
बिरला ने कहा, 'प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल में या बजट पर चर्चा के दौरान सभी सदस्यों को बोलने का मौका दिया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष हों या कोई अन्य सदस्य हो, सभी को पूरा अवसर दिया जाता है। आप बजट पर चर्चा करते समय अपनी बात रख सकते हैं।'
उन्होंने विपक्षी सदस्यों से नियोजित तरीके से सदन की कार्यवाही बाधित नहीं करने का अनुरोध करते हुए कहा, 'प्रश्नकाल सांसदों का समय होता है। इस दौरान सदन को बाधित नहीं करें। सदन नियम प्रक्रियाओं से चलता है। नियोजित तरीके से गतिरोध और नारेबाजी के लिए सदन नहीं है।' इस दौरान कांग्रेस के सांसदों ने आसन के पास आकर नारेबाजी शुरू कर दी। शोर-शराबा जारी रहने पर अध्यक्ष ने पांच मिनट बाद ही कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।