• पत्नी से मिलने पहुंचा प्रेमी, दोनों को संबंध बनाते रंगे हाथ पकड़ा पति, छोटा भाई भी आ गया और फिर..

    महासमुंद, 5 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में दूसरे की पत्नी के साथ नाजायज संबंध रखना युवक को भारी पड़ गया। पत्नी के मिलने पहुंचे प्रेमी को उसके पति ने छोटे भाई के साथ मिलकर डंडे-ईंट से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने हत्या के आरोप में दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कोसरंगी गांव की है।

    जानकारी के अनुसार, कोसरंगी वार्ड नंबर-5 निवासी आरोपी नकूल साहू (33) की पत्नी और वाकेश साहू (27) के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वाकेश कोसरंगी गांव के ही भाटापारा का रहने वाला था, अक्सर रात में छिपकर नकूल की पत्नी से मिलने आता था।

    देर रात मिलने पहुंचा, रंगे हाथों पकड़ाया
    दरअसल, मंगलवार 3 फरवरी की रात को भी वाकेश साहू घर से खाना खाकर टहलने का बहाना बनाकर निकला था। देर रात नकूल की पत्नी से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसकी भनक नकूल को लग गई और उसने वाकेश को अपनी पत्नी के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी नकूल और वाकेश के बीच जमकर विवाद हुआ। इसी दौरान नकूल का छोटा भाई निर्मल साहू (19) भी वहां पहुंच गया। दोनों भाइयों ने गुस्से में आकर वाकेश के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए। सिर पर गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण वाकेश ने दम तोड़ दिया।

    सुबह घर के बाहर मिला शव

    बुधवार सुबह नकूल के घर के सामने वाकेश का शव पड़ा मिला। शव के आसपास खून के छींटे लगे ईंटों के टुकड़े भी मिले। मृतक के परिजनों ने तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और सबूत जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

    नकूल ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर

    इस हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी नकूल साहू ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने नकूल और उसके भाई निर्मल से पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।