अंबिकापुर के लारंगसाय चौक से रामानुजगंज रोड तक फोरलेन सड़क बनेगी, पत्थलगांव और सूरजपुर के लिए भी 78 करोड़ मंजूर
अम्बिकापुर/रायपुर, 21 फरवरी 2026। सरगुजा ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। पीडब्ल्यूडी के आंकड़े खुद इस बात की तस्दीक करते हैं। साय सरकार के दो वर्षों में ही लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सड़क, पुल- पुलिए, फ्लाइओवर, भवन के निर्माण- उन्नयन हेतु विभागीय बजट से रुपए 10000 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृतियां जारी की गईं। जब दस हजार करोड़ रुपए इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में खर्च होते हैं तो वह उस राज्य की तस्वीर की नई इबारत लिखी जाती है। खराब सड़कें चकाचक हो जाएंगी। वहीं बहुत सारी सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से तस्वीर ही बदल जाएगी। इससे एक तरफ यातायात तो सुगम होगा ही वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
अम्बिकापुर चारों तरफ सरगुजा संभाग की कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है। अंबिकापुर से रामानुजगंज रोड हो या बनारस रोड हो या पत्थलगांव हाईवे की ओर हो। अंबिकापुर के चारों ओर फोरलेन बायपास सड़क निकालकर शहर को जाम से जल्द छुटकारा देने की कोशिश की जा रही है। अभी आप चाहे बनारस की ओर जाइए या रामानुजगंज की ओर या पत्थलगांव की ओर शहर से बाहर निकलने में ही काफी समय लग जाता है। अब फोरलेन बाईपास के निर्माण से आवागमन फास्ट हो जाएगा। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को अम्बिकापुर शहर के लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग तक 6.38 किमी 4-लेन सड़क चौड़ीकरण के 69.09 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। इस फोर लाइन सड़क के निर्माण से अंबिकापुर से रामानुजगंज की 110 किमी का सफर सुहाना हो जाएगा।
वहीं पत्थलगांव से जशपुर, अम्बिकापुर रोड तथा रायगढ़ रोड की ओर कुल 7.30 किमी सड़कों के चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य से आवागमन तेज हो जाएंगी। शहर से हाईवे गुजरने से जो जाम की स्थिति बनती है उससे राहत मिलेगी। उधर सूरजपुर जिले के कल्याणपुर- लटोरी- दतिमा- सलका मार्ग कुल 29 किमी के 41 करोड़ रुपए की लागत से सुदृढ़ीकरण के कार्य के मंजूरी होने से जिला मुख्यालय से कनेक्टिविटी फ़ास्ट हो जाएगी।