116 वीं जयंती पर डॉ. लोहिया चैतन्यता व कौशल विकास केंद्र का भूमि पूजन 23 मार्च को
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 21 फरवरी 2026. समाजवाद के प्रखर जननेता एवं विशिष्ट स्वाधीनता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया का एक स्वप्न था कि भारत के सुदूर में एक समाजवादी चैतन्यता केंद्र स्थापित हो. इस संदर्भ में हैदराबाद से प्रकाशित जन, मैनकाइंड और कल्पना पत्रिकाओं में बदरीविशाल पित्ती का विनम्र आग्रह भी प्रकाशित होता था. हालांकि मध्य प्रदेश में इसके लिए सरकार ने तकरीबन 100 एकड़ जमीन भी आवंटित की थी. लेकिन डॉ. रामनोहर लोहिया की असामयिक निधन के बाद समाजवाद के उस प्रशिक्षण प्रकल्प का सपना अधूरा रह गया. विधिक नियमानुसार सरकार ने पुनः आवंटित भूमि अपने अधीन कर ली.
बता दें कि, डॉ. रामनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन एक लघु स्वयंसेवी संगठन जरूर है, लेकिन हौसला और इच्छाशक्ति असीमित है. झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में ओड़िशा और पश्चिम बंगाल से सटा हुआ एक सीमावर्ती इलाका है बहरागोरा. झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तथा लोहिया समाजवाद के चिंतक डॉ. दिनेश कुमार षडंगी के उदार सहयोग से डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन को 4 एकड़ भूमि प्राप्त हुई है.
इसका भूमिपूजन डॉ. लोहिया के 116वीं जयंती के अवसर पर 23 मार्च 2026 को डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र का विधिवत भूमिपूजन होना है. कार्यक्रम में सहभागी बनने के लिए भारतवर्ष के सभी लोहिया अनुयायियों एवं वैचारिक समाजवाद से जुड़े आत्मीय स्नेहीजनों से डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन, दिल्ली के अध्यक्ष तथा विशिष्ट युवा समाजवादी चिंतक, अभिषेक रंजन सिंह का विन्रम निवेदन है.