अखिलेश बोले - मजबूत हो रहे हमारे रिश्ते, सपा - बसपा में फिर होगा गठबंधन?
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि बसपा के साथ सपा के रिश्ते मजबूत हो रहे हैं. "पीडीए होली मिलन" कार्यक्रम के दौरान करीब 15 हजार से अधिक लोगों ने सपा की सदस्यता ली, जिनमें पूर्व मंत्री नसरुद्दीन सिद्दीकी और राजकुमार पाल शामिल है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट :-
लखनऊ, 17 फरवरी 2026. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे सामाजिक एकता को प्रगतिशील राजनीति की नींव बताया और विपक्षी एकजुटता पर जोर दिया. उन्होंने शंकराचार्य विवाद को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ पर परोक्ष रूप से निशाना साधा. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि बसपा और सपा के बीच रिश्ते मजबूत हो रहे हैं और आगे यह रिश्ते और भी गहरे होंगे. यह बयान उन्होंने उस कार्यक्रम में दिया, जहां 15 हजार से अधिक लोग अलग-अलग दलों से आकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए.
होली से पहले आयोजित 'पीडीए ' (प्रेम प्रसार समारोह) में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों के बीच भाईचारे और सहयोग को मजबूत करेगा. उन्होंने कहा, 'शांति और प्रगति की नींव पीडीए पर टिकी है. सामाजिक एकता सकारात्मक और प्रगतिशील राजनीति की सबसे बड़ी उपलब्धि है, इसलिए हमने इसका नाम पीडीए रखा है. अखिलेश ने बताया कि इस वर्ष पारंपरिक होली मिलन से पहले 'पीडीए होली मिलन' आयोजित किया गया.
कई पूर्व नेता सपा में शामिल
समाजवादी पार्टी में शामिल होने वालों में पूर्व मंत्री नसरुद्दीन सिद्दीकी और अपना दल ( सोनेलाल ) के पूर्व विधायक राजकुमार पाल भी शामिल हुए. नसरुद्दीन सिद्दीकी कभी बहुजन समाज पार्टी के सीनियर लीडर माने जाते थे और मायावती के करीबी सहयोगी कहे जाते थे. हालांकि, नसरुद्दीन सिद्दीकी मायावती सरकार में चार बार मंत्री रह चुके हैं. लेकिन वर्ष 2017 में उन्हें बीएसपी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था.
विपक्षी एकता पर क्या बोले अखिलेश यादव?
अखिलेश यादव ने कहा कि इन लोगों का सपा में शामिल होना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पीडीए की उम्मीदें और मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि कभी बीआर अंबेडकर और डॉ. राम मनोहर लोहिया ने मिलकर राजनीति को नई दिशा देने की कोशिश की थी, लेकिन परिस्थितियों और राजनीतिक हालात ने उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया. अखिलेश यादव ने कहा, "गठबंधन बने और बाद में टूट भी गए, लेकिन फिर भी हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में हम मिलकर संघर्ष को मजबूत करेंगे."