• हैदराबाद के  रामसिंहपुरा गणेश घाट मंदिर में महाशिवरात्रि को हर हर महादेव की रही गूंज

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ  की खास रिपोर्ट:-
    हैदराबाद, 17 फरवरी 2026. यहां के रामसिंहपुरा स्थित मुसी नदी के तट पर गणेश घाट भोलेनाथ के मंदिर में रविवार और सोमवार को  महाशिवरात्रि हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. भगवान शिव के इस प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा अर्चना की एवं भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया. मंदिर परिसर में प्रातः काल से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी गई एवं श्रद्धालु शिव भक्तों ने हर हर महादेव के जय घोष से वातावरण शिवमय हो उठा.

    इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कवि तथा गोलकोंडा दर्पण के संपादक गोविंद अक्षय (ठाकुर गोविंद सिंह  काछी) ने मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा- अर्चना  कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान उनके साथ तेलंगाना काछी संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं रामसिंहपुरा समिति द्वारा संचालित  बगीचों की माता मंदिर के अध्यक्ष तथा टीडीपी प्रदेश संगठन सचिव ए. सुरेंद्र सिंह, एम. भानु सिंह, मंदिर के अध्यक्ष एम. पुरुषोत्तम सिंह, तेलंगाना काछी संघ के अध्यक्ष एस. बलबीर सिंह  समेत भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. 

    महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में रुद्राभिषेक, बिल्वपत्र अर्पण, दुग्धाभिषेक एवं महाआरती का आयोजन भक्ति भाव के साथ किया गया. वहीं, शिव भक्तों ने रात्रि जागरण व भजन कीर्तन के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की आराधना की. गौरतलब है कि इस प्राचीन मंदिर का कुछ साल पहले श्रद्धालु गणेश भक्तों के सहयोग से जीर्णोंद्वार कराया गया था. वहीं, मंदिर की दीवारों पर विभिन्न देवताओं की सुंदर कलात्मक चित्रकारी आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करती है. ऐसा मानता है कि यहां विराजमान प्राचीन भगवान श्री गणेश की प्रतिमा अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती है, जिससे यह स्थान श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना हुआ है.