• मंदिर में प्रवेश को लेकर बवाल, 2 माह की बच्ची की गई जान, 3 आरोपी गिरफ्तार

    तेलंगाना में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक मंदिर में प्रवेश को लेकर हुए झगड़े में एक 2 माह की बच्ची की जान चली गई. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की  यह रिपोर्ट :-

    हैदराबाद, 24 फरवरी 2026. तेलंगाना के  नगरकर्नूल में एक धार्मिक मेले में कथित मारपीट की घटना के बाद 2 माह की एक बच्ची की जान चली गई. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पिछले 18 फरवरी को यहां नागरकर्नूल जिले के कुम्मेरा में आयोजित 'कुम्म - एरा जात्रा ' के दौरान चकली समुदाय ( पिछड़ा वर्ग) से संबंधित एक परिवार और कुछ अन्य लोगों के बीच मंदिर प्रवेश को लेकर कहां सुनी हो गई और विवाद बढ़ गया. खबर है कि उक्त परिवार से मंदिर प्रदेश के लिए 100 रुपए मांगे गए, हालांकि उक्त मंदिर में निशुल्क प्रवेश का प्रावधान है.

    मासूम बच्चे की गई जान

    शिकायतकर्ता चिल्लूकेश्वरम चंद्रकला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने उन्हें और उनके परिवारों को धक्का मुक्की करते हुए जाति सूचक टिप्पणियां करते हुए आहत किया. इतना ही नहीं, उनके बेटे गणेश से मारपीट की गई. शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान परिवार की एक बहू मोनिका ने बच्चे को बचाने की कोशिश कर रही थी, इस दौरान वहां अफरा - तफरी मच गई. जिसमें  2 माह की बच्ची बेहद गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई. पुलिस में यह भी शिकायत दर्ज कराई गई है कि उनके गहने और मोबाइल फोन भी छीन लिए गए एवं गांव आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई. पुलिस इसकी जांच कर रही है.

    बच्ची का हुआ पोस्टमार्टम 

    घटना के बाद पीड़ित परिवार नगरकर्नूल चला आया और वहां पर आप बीती सुनाई. खबर है कि इस सिलसिले में कुछ सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने गिरफ्तार हुए आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है.