• फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी रिश्वत, 25 हजार रुपए लेते दो पुलिस अधिकारी गिरफ्तार, मचा हड़कंप

    कोरिया में एसीबी की कार्रवाई में पोड़ी चौकी प्रभारी 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ है। इसके अलावा थाने में तैनात एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव पर भी एसीबी ने तगड़ा एक्शन लिया है।

    कोरिया, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के कोयलांचल जिले कोरिया में भ्रष्टाचार पर छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरों ने बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार को एसीबी की टीम ने बचरा और पोड़ी पुलिस चौकी में रिश्वत लेते दो पुलिस वालों को गिरफ्तार किया है. बचरा-पोड़ी पुलिस चौकी में प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा थाने में तैनात एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव पर भी एसीबी ने तगड़ा एक्शन लिया है.

    फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी रिश्वत

    कदम बहरा गांव में सत्येंद्र प्रजापति के पड़ोस में रहने वाले डेढ़ वर्ष के बच्चे की कुछ समय पूर्व गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी. इस मामले में केस दर्ज किया गया था. आरोप है कि चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ ने सत्येंद्र प्रजापति को इस केस में फंसाने की धमकी दी. उसे इस केस से बचाने के एवज में 50 हजार रुपये के रिश्वत की मांग की. जिसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत सरगुजा एसीबी से कर दी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने शुरुआती जांच की. इस जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. रिश्वतखोरी की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और दो पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की गई.

    मंगलवार को एसीबी की टीम बचरा-पोड़ी पहुंची. डीएसपी एसीबी सरगुजा प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 25 हजार रुपये की पहली किस्त देकर चौकी के भीतर भेजा गया. जैसे ही शिकायतकर्ता ने रकम चौकी प्रभारी को सौंपी और पूर्व निर्धारित इशारा किया, एसीबी टीम ने तत्काल अंदर प्रवेश कर अब्दुल मुनाफ को रंगे हाथ पकड़ लिया.

    एसीबी की कार्रवाई से कोरिया पुलिस में हड़कंप

    एसीबी के इस एक्शन के बाद अधिकारियों ने मौके पर जरूरी कार्रवाई पूरी की. चौकी प्रभारी के पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई. पुलिस चौकी में तैनात एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को भी टीम ने हिरासत में लिया है.दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. एसीबी के इस एक्शन से कोरिया पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.