छत्तीसगढ़ का बजट – उम्मीदों का दस्तावेज़..; हेमलता चौहान
रायपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को प्रस्तुत बजट को लेकर मिली जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। CM साय ने इसे मोदी जी के विकसित भारत की तर्ज पर विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना बताया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बजट ChatGPT से लिखवाया गया बजट है. जिसमें सिर्फ Artificial Intelligence का प्रयोग हुआ है, न सरकार की बुद्धिमत्ता दिखी और न अधिकारियों की गंभीरता।
वहीं रायगढ़ जिले के पुसौर जनपद पंचायत की अध्यक्ष हेमलता हरिशंकर चौहान ने अलग ही अंदाज में प्रतिक्रिया व्यक्त की हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के द्वारा पेश बजट पर कविता की पंक्तियों के माध्यम से प्रतिक्रिया दी हैं और साथ ही तीसरी बार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए संकल्पित बजट प्रस्तुत करने के लिए उनको बधाई प्रेषित की हैं–
छत्तीसगढ़ का बजट – उम्मीदों का दस्तावेज़
यह कोई आँकड़ों की किताब नहीं,
यह मेहनतकश हाथों का सपना है,
यह हल थामे किसान की आँखों में
हरियाली बनकर जगता अपना है।
यह बजट है उस माँ के लिए,
जो चूल्हे से बच्चों का भविष्य गढ़े,
जिसके माथे की हर एक शिकन
नई योजनाओं से मुस्कान चढ़े।
यह बजट है खेत-खलिहान का,
धान की खुशबू, माटी की शान,
सिंचाई, बीज, और मेहनत का
हर दाना बने सोने समान।
यह बजट है युवाओं के नाम,
जो नौकरी में अपना कल ढूँढें,
कौशल, शिक्षा, स्टार्ट-अप से
नए छत्तीसगढ़ को खुद गढ़ें।
यह बजट है नारी सम्मान का,
स्वावलंबन की खुली राह,
हर बेटी पढ़े, बढ़े, चमके
यही तो असली विकास की चाह।
यह बजट है वनवासियों का,
जल-जंगल-जमीन का मान,
परंपरा और प्रगति का संगम
जहाँ सुरक्षित हो हर पहचान।
सड़क, स्कूल, अस्पताल बने,
हर गाँव जुड़े विकास की डोर,
शहर ही नहीं, हर कोना बोले—
अब पीछे नहीं, हम आगे और!
यह बजट सिर्फ खर्च नहीं,
यह भरोसे की लिखी कहानी है,
छत्तीसगढ़ की माटी बोले—
अब समृद्धि मेरी निशानी है।
● हेमलता हरिशंकर चौहान, अध्यक्ष, जनपद पंचायत पुसौर