• बिलासपुर में IT की रेड,  मचा हड़कंप

    बिलासपुर में आयकर विभाग ने कोयला कारोबारी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. कार्यालय, आवास और प्लांट में दस्तावेजों की गहन जांच जारी है, जबकि विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है.

    बिलासपुर, 12 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर में गुरुवार को आयकर विभाग (IT) की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया. शहर के प्रमुख कोयला कारोबारी प्रवीण झा के फील ग्रुप (Phil Group) से जुड़े कई ठिकानों पर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी, कार्रवाई की खबर फैलते ही व्यापारिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया. वहीं जांजगीर चांपा जिले के बिर्रा- चाम्पा रोड पर तिरुपति मिनरल्स की कोलवाशरी में भी इनकम टैक्स की रेड पड़ी है। बिलासपुर में कारोबारी प्रवीण झा के रामा वर्ल्ड स्थित आवास में भी आयकर अधिकारी जांच करने पहुंच गए थे।

    सुबह अचानक पहुंची आईटी टीम

    जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की बड़ी टीम सुबह अचानक शहर पहुंची और फील ग्रुप के कार्यालय, आवास और फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी. घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास समेत अन्य परिसरों में अधिकारी दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे से दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है. कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलें और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाले जा रहे हैं. 

    जांजगीर-चांपा में तिरुपति मिनरल्स के दफ्तर पर छापा

    जांजगीर-चांपा जिले के चांपा-बिर्रा रोड स्थित तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में आयकर विभाग (IT) की टीम ने छापा मारा है। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने कोयला व्यापारी अंशुमान मुरारका के दफ्तर में दबिश दी है। बताया जा रहा है कि टीम सुबह से ही कार्यालय में मौजूद है और दस्तावेजों, लेनदेन, वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। आयकर विभाग के अधिकारी कार्यालय के भीतर बैठकर आय-व्यय और खातों की पड़ताल कर रहे हैं।

    तिरुपति मिनरल्स के प्रोप्राइटर अंशुमान मुरारका कोयला व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। कार्रवाई के दौरान विभाग की ओर से व्यापार से संबंधित महत्वपूर्ण कागजातों की जांच की जा रही है। फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।