नांदघाट- मुंगेली की जर्जर सड़क से जल्द मिलेगी राहत, टेंडर फाइनल, शीघ्र प्रारंभ होगा निर्माण
नांदघाट से मुंगेली के 36.40 किमी का सफर सुहाना होने वाला है। इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम जल्द शुरू होगा। पीडब्ल्यूडी ने टेंडर फाइनल कर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करने हेतु मुंगेली के कार्यपालन अभियंता को निर्देश जारी किया है।
रायपुर, 13 मार्च 2026। राज्य शासन ने नांदघाट-मुंगेली सड़क के लिए 112 करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दे दी है। निविदा स्वीकृति के बाद अब जल्दी ही 36.40 किमी लंबाई के इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम प्रारंभ हो जाएगा। राज्य शासन ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के मुंगेली संभाग के कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित समयावधि में काम पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए मापदंडों के अनुरूप सड़क का निर्माण सुनिश्चित करने को कहा है। यह रोड केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा पूर्व में स्वीकृत है तथा केंद्रीय सड़क निधि (CRIF) के अन्तर्गत निर्माण की स्वीकृति प्राप्त है। बसाहट वाले इलाके में यह फोरलेन बाकी जगहों पर 10 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होगा। 7 निविदाकारों में खरसिया के ठेकेदार सुभाष कुमार अग्रवाल ने 112 करोड़ की अनुमानित लागत से 21% कम दर पर टेंडर हासिल किया है।
नांदघाट- मुंगेली मार्ग के टेंडर फाइनल होने पर बेमेतरा और मुंगेली जिले के लोगों को काफी राहत मिलेगी। मुंगेली जिले से राजधानी आने के लिए यह मुख्य मार्ग है जो नांदघाट में रायपुर- बिलासपुर नेशनल हाईवे से जुड़ जाता है। जहां से राजधानी की दूरी 63 किमी है। खराब सड़क की वजह से लोग तखतपुर बिलासपुर घूमकर राजधानी आ रहे थे। बताते हैं कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मुंगेली से रायपुर आने के लिए तखतपुर- बिलासपुर- नांदघाट मार्ग का प्रयोग कर रहे थे।
लोक निर्माण विभाग ने कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित कार्य का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्य किसी अन्य को सब-लेट (Sub-let) नहीं किया जाएगा तथा कार्य संपादन के लिए पावर-ऑफ-अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। राज्य शासन द्वारा निविदा की मंजूरी इस शर्त पर दी गई है कि अनुबंध के पूर्व ठेकेदार से एडीशनल परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (APS) की राशि की बैंक गारंटी जो संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील हो, प्राप्त कर ली जाए।