छत्तीसगढ़ के 25.28 लाख किसानों के खाते में आएंगे 10324 करोड़, CM बिल्हा से धान के अंतर की राशि का करेंगे भुगतान
आखिर वह घड़ी आ गई जिसका था इंतजार। जी हां, प्रदेश के किसानों को होली के चार दिन पहले ही 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान के अंतर की राशि उनके खातों में आ जाएंगी।
रायपुर, 25 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के किसानों के खाते में आएंगे 10324 करोड़ रुपए। एक बड़े आयोजन के साथ धान के अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिल्हा में आयोजित कार्यक्रम में 25.28 लाख किसानों के खातों में आदान राशि 10324 करोड़ रुपए का अंतरण करेंगे। छत्तीसगढ़ में सरकार पिछले तीन वर्षों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। एमएसपी की राशि का भुगतान 48 घंटे के अंदर ही किया जाता है और शेष राशि का भुगतान कृषक उन्नति योजना के तहत किया जा रहा है।
राज्य शासन ने कृषक उन्नति योजना के माध्यम से धान अंतर की राशि के भुगतान हेतु प्रदेश के सभी विकास खंडों में कार्यक्रम आयोजित करने बाबत विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया है। इसके तहत जिले के प्रभारी मंत्री के समन्वय में स्थानीय विधायक, जिला पंचायत तथा जनपद पंचायत के अध्यक्ष तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व अध्यक्ष बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री 28 फरवरी 2026 को दोपहर 12.30 बजे बिलासपुर के बिल्हा में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम में बटन दबाकर कृषक उन्नति योजना की राशि का हस्तांतरण करेंगे। CM साय बिल्हा से ही राज्य के सभी विकास खंडों के कार्यक्रमों में वर्चुअली जुड़ेंगे और किसानों से बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में 20000 किसानों को जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में करीब 2000 किसान जुटेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने सभी कलेक्टर को आदान राशि वितरण कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।