पीएम मोदी ने देश के किसानों को अमेरिका के हाथों बेच दिया, राहुल गांधी का केंद्र पर प्रहार
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को कांग्रेस की तरफ से आयोजित किसान महा चौपाल में बोलते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब विपक्ष के नेता को संसद में बोलने से रोका गया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
भोपाल, 26 फरवरी 2026. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित कांग्रेस की किसान महा चौपाल में विपक्ष के नेता लोकसभा राहुल गांधी ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब विपक्ष के नेता को संसद में बोलने नहीं दिया गया. राहुल गांधी ने कहा लोकसभा में मुझे चीनी घुसपैठ पर बात रखने से रोका गया. उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के साथ धोखा किया है. पीएम ने अमेरिका के हाथों किसानों को बेच दिया. देश के किसानों को खत्म कर दिया. राहुल गांधी ने कहा- मैंने संसद में पूर्व आर्मी प्रमुख नरवणे की बात रखी थी, उन्होंने अपनी किताब में लिखा है कि जब चीनी घुसपैठ हुई थी तो उन्हें हिंदुस्तान की सरकार ने अकेला छोड़ दिया. पीएम ने बात नहीं की थी, रक्षा मंत्री से पीएम ने कह दिया है- जो करना है करें. जबकि आर्मी को क्या करना है यह आदेश प्रधानमंत्री को देना चाहिए था.
राहुल गांधी पहले ही कहा था- " नरेंद्र सरेंडर."
जो यह ट्रेड डील हुई है, वह भारत और अमेरिका के बीच नहीं, बल्कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई ट्रेड डील है. यदि यह ट्रेड डील देश के हित में होता, तो किसानों और आम जनता को नुकसान नहीं होता. जैसे किसान कानूनों के विरुद्ध लंबी लड़ाई के बाद सरकार को उन्हें वापस लेना पड़ा, ठीक उसी तरह इस मुद्दे पर भी असलियत सामने आ जाएगी. राहुल गांधी जो कहते हैं, वह सच साबित होता है.
देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ी : खरगे
इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और अब पीएम मोदी के प्रति लोगों में आक्रोश है. प्रधानमंत्री जी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में आकर उनकी शर्तें मान ली, जिस देश को वैश्विक स्तर पर शर्मिंदगी उठानी पड़ी. ऐसे निर्णय लिए गए, जो किसानों के हितों के विरुद्ध है जो देश को कमजोर करते हैं. खड़गे ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली पार्टी नहीं है.
कांग्रेस किसानों की लड़ाई लड़ रही है
कांग्रेस ने साल 65 - 66 में ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की अवधारणा को आगे बढ़ाया था. आज राहुल गांधी देश के किसानों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं. देश भर में किसानों का कर्ज़ माफी के लिए कांग्रेस ने काम किया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मध्य प्रदेश जीतू पटवारी और मध्य प्रदेश में नेता विपक्ष उमंग सिंगार ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित ट्रेड डील से सबसे अधिक नुकसान मध्य प्रदेश के किसानों का होगा. जनता जानना चाहती है, यदि विदेशों से दूध का आयात होगा, तो प्रदेश के दूध उत्पादक किसानों का क्या होगा? एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, वहीं, दूसरी तरफ नीतियों के जरिए किसानों का हक मारा जा रहा है.