• 14 वीं श्री श्याम निशान यात्रा हैदराबाद के  अत्तापुर में 26 व 27 फरवरी को

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:-
    हैदराबाद, 25 फरवरी 2026.14 वीं श्री श्याम निशान यात्रा (श्याम मित्र मंडल सूरजगढ़) हैदराबाद के  राजेंद्र नगर स्थित अत्तापुर में भव्यता के साथ मनाने की जानकारी संयोजक पवन भारती (नालपुरिया) व संतोष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दी है. यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर ली गई है. गुरुवार और शुक्रवार को आयोजित होने वाली विशाल निशान यात्रा के क्रम में 26 फरवरी को हैदराबाद के  अत्तापुर स्थित रामबाग के राम मंदिर परिसर में संध्या 5:15 बजे प्राचीन सूरजगढ़ श्याम निशान की विधिवत स्थापना की जाएगी.

    श्री श्याम मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारी इंद्रकरण अग्रवाल रामदेव अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे. वहीं मुख्य पुजारी रामचरण जी महाराज विशेष पूजा अर्चना संपन्न कराएंगे. जबकि शुक्रवार (27 फरवरी) को प्रातः काल 5 बजे पंडित सुरेश शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान से पूजा विधि समाप्त होने के बाद निशान शोभा यात्रा का शुभारंभ होगा.

    प्रदत जानकारी के मुताबिक, निशान यात्रा का मुख्य आकर्षण सूरजगढ़ का प्राचीन  श्री श्याम निशान, चमत्कारी मोरछड़ी, महिलाओं के सिर पर सजी मनोकामना सिगड़ी के अलावा श्री श्याम भक्तों के हाथों में रंग बिरंगे श्री श्याम निशान होंगे. इस दौरान सुंदर एक रथ में बाबा श्याम का सजा हुआ भव्य दरबार के आगे पीछे डीजे के माध्यम से बाबा श्याम का गुणगान यात्रा का प्रमुख आकर्षक रहेगा.

    यह निशान यात्रा शुक्रवार सुबह अत्तापुर के रामबाग स्थित राम मंदिर से प्रारंभ होकर यहां के किशनबाग, बहादुरपुरा, पुराना पुल, जुम्मेरात बाजार, मुस्लिम जंग पुल, अफजलगंज, इमली बन  बस स्टॉप, रामघाट, चादरघाट  और निंबोली अड्डा होते हुए काचीगुड़ा खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी. खबर है कि इस निशान यात्रा के दौरान हैदराबाद की नामचीन हस्तियां बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता करेंगी. यात्रा समिति के संयोजक संतोष अग्रवाल ने बताया कि निशान यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए प्रसाद वितरण, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, जूस, कोल्ड ड्रिंक एवं नाश्ते आदि का विशेष व्यवस्था की गई है.

    वहीं, काचीगुड़ा स्थित  खाटू श्याम मंदिर में निशान अर्पित किए जाने के पश्चात मंदिर परिसर में ही सामूहिक महाभोज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. खबर है कि, निशान शोभायात्रा के दौरान हैदराबाद के पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. मंडल के अध्यक्ष सुरेश कुमार मोदी ने सभी श्याम भक्तों एवं श्रद्धालुओं से आयोजित विशाल निशान यात्रा को सफल बनाने के लिए शोभा यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है.