• प्रसिद्ध समाजसेवी बदरीविशाल पित्ती के 98 वें  जन्मदिवस पर 20 वें व्याख्यान संपन्न

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
    हैदराबाद, 29 मार्च 2026. प्रसिद्ध समाजसेवी तथा लोहिया समाजवाद के पुरोधा प्रणेता बदरीविशाल पन्नालाल पित्ती के 98वें जन्मदिवस समारोह हैदराबाद के कोहिनूर हॉल, ताज डेक्कन बंजारा हिल्स  में शनिवार (28 मार्च 2026) की शाम 7:30 बजे मनाए जाने की खबर है. बदरीविशाल पन्नालाल पित्ती ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन वेंकट रमन्ना एवं विशिष्ट अतिथि हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय समेत अन्य अतिथियों का स्वागत ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष शरद पित्ती द्वारा किया गया. इस मौके पर उन्होंने न्यास की गतिविधियों से संबंधित जानकारी दी.

    इसके पहले मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा दिवंगत बदरीविशाल पन्नालाल पित्ती के सम्मान में उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया एवं उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया. प्रबंध न्यासी अध्यक्ष शरद ब पित्ती के स्वागत भाषण के बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा बदरीविशाल जी के जीवन और उनके द्वारा किए गए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक योगदानों को याद किया गया और उनके धरोहर को आगे बढ़ाने के लिए ट्रस्ट के निवासी अध्यक्ष और पूरे पित्ती परिवार की भूरी भूरी प्रशंसा की गई./कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध जन, सहयोगी और शुभचिंतक शामिल हुए.

    इस अवसर पर भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश, मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति एन. वेंकट रमन्ना ने अपने संबोधन में बदरीविशाल जी के उच्च आदर्शों का स्मरण करते हुए उन्हें प्रसिद्ध समाजसेवी, उद्यमी अब लोहिया समाजवाद के प्रखर राजनेता बताया. इस दौरान विशिष्ट अतिथि बंडारू दत्तात्रेय ने बदरीविशाल के सामाजिक राजनीतिक कार्यों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

    इस अवसर पर  मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि सहित सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. मंच पर मौजूद सभी अतिथियों ने समकालीन समाज में विचारधाराएं एवं मानवीय मूल्य पर आधारित दिवंगत राजनेता बदरीविशाल पित्ती को 
    20 वें व्याख्यान के अवसर पर उनकी याद में उद्बोधन दिया. कार्यक्रम के दौरान बदरीविशाल पित्ती जी के करीबी रहे प्रसिद्ध समाजसेवी, लोहियावादी नेता एवं सेवानिवृत्ति न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह, हैदराबाद के वरिष्ठ पत्रकार देहाती विश्वनाथ प्रमुख रूप से मौजूद थे.

    वहीं सभा मंच पर मौजूद आशीष पित्ती एवं राधिका पित्ती ने मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति एन. वेंकट रमन्ना व बंडारू दत्तात्रेय जी का अभिवादन करते हुए उनसे संबंधित कुछ भूली बिसरी बातें बताई. कुछ समय के लिए मंच पर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश सुदर्शन रेड्डी भी दिखाई दिए. इस दौरान विशिष्ट अतिथि बंडारू दत्तात्रेय ने बदरीविशाल पित्ती के साथ टी. गोपाल सिंह के संबंधों के बारे में मंच से संबोधित किया. कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के न्यासी अक्षय पित्ती के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ.