• पति से प्रताड़ित पत्नी ने लगाई गंगरेल नदी में छलांग, डूबते देख स्थानीय लोगों ने बचाई जान

    छत्तीसगढ़  के धमतरी जिले में स्थित गंगरेल  बांध (महानदी ) में एक 23 वर्षीय महिला ने पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर नदी में छलांग लगा दी. लेकिन वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे डूबता देख तुरंत नदी में उतरकर महिला को बाहर निकाला. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-

    धमतरी, 4 जून 2026. महानदी पर निर्मित गंगरेल बांध छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित है. बताते हैं कि सतवंती बाई दुर्गेंद्र निर्मलकर (23) जो पूरी गांव के रहने वाली है, उसकी शादी यहां के नगरी प्रखंड के सोनामगर गांव में हुई थी. वह अपने पति से विवाद के कारण पिछले कुछ महीनो से अपने मायके में रह रही थी. लेकिन उसका मायके में रहना मायके वालों को पसंद नहीं था. घटना रुद्री पुलिस इलाके  में माता मंदिर के पीछे गंगरेल नदी की है. जहां पति से विवाद और मिल रही धमकियों से  परेशान होकर सतवंती ने जान देने की यह खौफनाक कदम उठाया था. लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे बचा लिया गया.

    खबर है कि महिला का पति के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था और इस कारण वह अपनी 3 वर्षीय बेटी को लेकर मायके चली गई थी. लेकिन मायके वालों ने उसे रखने से इनकार कर दिया था. बताया जाता है कि आत्महत्या का प्रयास करने से पहले सतवंती के पास पति का फोन आया था, जिसमें उसने गाली गलौज और जान से मार देने की धमकी दी थी.

    लगातार आ रहे फोन कॉल से तंग आकर सतवंती ने खुदकुशी करने की सोची और गंगरेल नदी के किनारे अपनी 3 साल की बेटी को छोड़कर  छलांग लगा दी. हालांकि उसे तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा पानी से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस द्वारा उपचार के लिए धमतरी के सदर अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है. इस मामले की विस्तृत जानकारी के लिए फिलहाल पुलिस जांच जारी है. पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला के स्वस्थ होने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.