• 'युद्ध के बीच अफवाहों से बचें, एकजुट होकर चुनौती का सामना करें, 'मन की बात' में और क्या बोले पीएम मोदी

    PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में देशवासियों से अपील की कि युद्ध जैसे हालात के बीच अफवाहों से बचें और एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करें। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जिम्मेदारी और सतर्कता बेहद जरूरी है, ताकि देश में शांति और एकता बनी रहे।

    नई दिल्ली, 29 मार्च 2026। मिडिल ईस्ट संकट के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में देशवासियों को एकजुट रहने और अफवाहों से बचने की सख्त सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में राजनीति से ऊपर उठकर देशहित को प्राथमिकता देना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं और लोगों से अपील की कि वे सिर्फ सरकार द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं आज मन की बात के माध्यम से देशवासियों से आग्रह करूंगा कि हमें एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकलना है। जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है। ऐसे में जो लोग अफवाह फैला रहे हैं, वे देश का नुकसान कर रहे हैं। मैं देशवासियों से अपील करूंगा कि वे जागरूक रहें, अफवाहों में न आएं और सरकार की तरफ से निरंतर जो जानकारी दी जा रही है उसी पर विश्वास करें।'

    पीएम मोदी ने कहा, 'वर्तमान में हमारे पड़ोस में 1 महीने से भीषण युद्ध चल रहा है। हमारे लाखों परिवारों के सगे, संबंधी इन देशों में रहते हैं, खाड़ी देशों में काम करते हैं। मैं खाड़ी देशों का बहुत आभारी हूं कि वे वहां 1 करोड़ से ज्यादा रह रहे भारतीयों को हर प्रकार की मदद दे रहे हैं।'

    मन की बात में किन-किन टॉपिक पर बोले पीएम मोदी?
    ● पीएम मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के 132वें एपिसोड में कहा, 'देशभर के खेल प्रेमियों के लिए यह महीना जोश और उत्साह से भर देने वाला रहा है। जब भारत ने T20 विश्व कप में ऐतिहासिक जीत दर्ज की तो देश में हर तरफ खुशी की लहर दौड़ गई। अपनी टीम की इस शानदार सफलता पर हम सभी को बहुत गर्व है। पिछले महीने के आखिर में कर्नाटक के हुबली में एक बहुत ही रोचक मुकाबला देखने को मिला, इस मुकाबले को जीतकर जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया। सबसे खुशी की बात है कि करीब 7 दशकों के लंबे इंतजार के बाद इस टीम ने अपना पहला रणजी खिताब हासिल किया।'

    ● पीएम मोदी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी गुलवीर सिंह ने कुछ ही हफ्ते पहले न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन में तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच डाला। वे एक घंटे से कम समय में हाफ मैराथन पूरा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने।'

    ● प्रधानमंत्री ने कहा, 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में अब 100 दिनों से भी कम समय बचा है, पूरी दुनिया में योग के प्रति आकर्षण भी लगातार बढ़ रहा है। अफ्रीका के जिबूती में अल्मिस जी अपने अरविंद योग सेंटर के जरिए योग को बढ़ावा दे रहे हैं। वे यहां की कई और जगहों पर भी लोगों को योग सिखाते हैं।'

    ● मोदी ने कहा, 'मेहनतकश मछुआरों का जीवन आज कई तरह से आसान बनाया जा रहा है। चाहे बंदरगाहों का विकास हो या मछुआरों के लिए बीमा, ऐसी कई पहल उनके बहुत काम आ रही है। हम जानते हैं कि समुद्र में उनकी गतिविधियों को मौसम का रुख बहुत प्रभावित करता है। इसे देखते हुए तकनीक के जरिए भी उनकी पूरी मदद की जा रही है।'

    ● पीएम मोदी ने कहा, 'जल संकट से निपटने के लिए गांव-गांव में सामुदायिक स्तर पर प्रयास होने लगे हैं। कहीं पुराने तालाबों की सफाई हो रही है, कहीं बरसात के जल को सहेजने के लिए प्रयास किया जा रहा हैं। अमृत सरोवर अभियान के तहत भी देशभर में करीब 70 हजार अमृत सरोवर बनाए गए हैं।'

    ● नरेंद्र मोदी ने कहा, 'नागा जनजातियां में मोरूंग लर्निंग की एक पारंपरिक व्यवस्था थी, इसमें, बुजुर्ग लोग अपने अनुभवों से युवाओं को पारंपरिक ज्ञान, इतिहास और जीवन कौशल के बारे में बताते थे। समय के साथ यह सिस्टम अब मोरूंग शिक्षा की अवधारणा में बदल गया है। इसके माध्यम से बच्चों में गणित और विज्ञान जैसे विषयों में रुचि पैदा की जाती है। इसमें समुदाय के बुजुर्ग उन्हें कहानियां, लोकगीत और पारंपरिक खेलों के साथ जीवन कौशल सिखाते हैं।'

    ● प्रधानमंत्री ने कहा, 'मुझे बेंगलुरु में शिक्षा से जुड़े एक अद्वितीय प्रयास के बारे में जानकारी मिली है। यहां एक टीम प्रयोग इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन रिसर्च चला रही है। इस टीम का अनुसंधान परियोजनाओं पर विशेष ध्यान है। यह टीम स्कूल स्तर पर विज्ञान की शिक्षा को लोकप्रिय बनाने में जुटी है।'

    ● पीएम मोदी ने कहा, 'भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, देश के युवा की ताकत जब राष्ट्र निर्माण में जुड़ती है तो बहुत बड़ी मदद मिलती है। राष्ट्र निर्माण के इस दायित्व को निभाने में मेरा युवा भारत यानि 'MY भारत' संगठन बहुत बड़ी भूमिका निभा रहा है।'