कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पर छापेमारी, पूछताछ के लिए दिल्ली पहुंची असम पुलिस
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा सरमा की पत्नी के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्होंने असम में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसी सिलसिले में यह कार्रवाई की गई है, लेकिन कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेता घर पर मौजूद नहीं थे. सूत्र बताते हैं कि वे हैदराबाद में हैं. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 7 अप्रैल 2026. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पर मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे छापेमारी की गई. दिल्ली और असम पुलिस की टीम पवन खेड़ा के राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन पूर्व स्थित घर पहुंची. लेकिन पवन खेड़ा नहीं मिले. खबर है कि वह कल सुबह गुवाहाटी से हैदराबाद के लिए रवाना हुए थे. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम उनसे पूछताछ करेगी. उन्हें रिमांड पर लेने की भी बात सामने आ रही है. लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस की करीब चार लोगों की टीम पहुंची. वहीं दिल्ली पुलिस सिर्फ उन्हें असिस्ट करने के लिए साथ में थी. ऐसा दिल्ली पुलिस का कहना है. खबर है कि असम पुलिस पवन खेड़ा के घर से कई जरूरी दस्तावेज उठा ले गई है. यह भी जानकारी मिली है कि छापेमारी के दौरान दिल्ली क्राइम ब्रांच के दो अधिकारी भी कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के निवास पर मौजूद रहे.
दरअसल, कांग्रेस नेता ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा सरमा की पत्नी के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्होंने असम में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसी मामले में कार्रवाई के सिलसिले में कांग्रेस नेता के घर पर छापेमारी की गई. बता दें कि पिछले दिनों कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कथित तौर पर असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर आरोप लगाया था और उनके तीनों पासपोर्टों की तस्वीरें शेयर
की थी.
खेड़ा का दावा था कि रिंकी भुइयां सरमा के नाम पर यूएई, एंटीगुआ, बारबुडा और मिस्त्र द्वारा पासपोर्ट जारी किए गए थे. उन्होंने कहा था, "हम जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री, जिनकी पूरी राजनीति मुसलमान के प्रति नफरत पर आधारित है, उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों और एंटीगुआ एवं बारबुडा के पासपोर्ट कैसे हैं. हम यह भी जानना चाहेंगे कि क्या रिंकी भुइयां सरमा के पास भी भारतीय पासपोर्ट है. क्या वह भी भारत की नागरिक हैं? एक भारतीय नागरिक के पास तीन अलग-अलग देशों के तीन पासपोर्ट कैसे हो सकते हैं?"
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यूएई में उनके नाम पर संपत्तियां हैं और अमेरिका के व्योमिंग में एक कंपनी रजिस्टर्ड है. इसका खुलासा हिमंत सरमा ने अपने हलफनामे में नहीं किया था. इतना ही नहीं कांग्रेस नेता खेड़ा ने कहा कि चुनाव हारने पर वे देश छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा सरमा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह की झूठी जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियों होने का आरोप गढा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान असम चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है.
सरमा ने कहा कि यह आप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं, जो कानून के तहत दंडनीय है. भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज इस्तेमाल किए, वे "पाकिस्तानीज इन अजमान " नाम के एक सोशल मीडिया समूह से लिए गए थे और उनकी तस्वीर को किसी पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर छेड़छाड़ कर लगाया गया था.
मुख्यमंत्री ने कहा, "यह आप पूरी तरह निराधार है, मनगढंत दस्तावेजों पर आधारित है और राज्य में चुनावी माहौल को खराब करने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से लगाए गए हैं. मुझे चिंता है कि उन्होंने पाकिस्तान की मदद ली. यह कोई साधारण धोखाधड़ी का मामला नहीं, बल्कि राष्ट्र के खिलाफ अपराध है." मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि "पाकिस्तान का पहलू स्पष्ट हो गया है और कानून प्रवर्तन एजेंसियां जांच करते वक्त इसे ध्यान में रखेगी."