• विशिष्ट समाजसेवी तथा पूर्व विधायक डॉ. रासेश्वरी पाणिग्रही का निधन

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट :
    संबलपुर, 18 फरवरी 2026. पश्चिम ओड़िशा में संबलपुर की पूर्व विधायक विशिष्ट समाजसेवी, प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रासेश्वरी पाणिग्रही (79) का सोमवार की शाम निधन हो गया. संबलपुर स्थित  शांति नगर के अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली. डॉ. रासेश्वरी पाणिग्रही के छोटे अनुज तथा वरिष्ठ पत्रकार सुबाश पाणिग्रही के मुताबिक, डॉ. पाणिग्रही पिछले कई दिनों से गंभीर न्यूरोलॉजिकल जटिलताओं से जूझ रही थी और उनका इलाज चल रहा था.

    डॉ. रासेश्वरी पाणिग्रही ने 2014 में बीजू जनता दल (बीजेडी ) के टिकट पर संबलपुर निर्वाचन क्षेत्र से ओड़िशा विधानसभा के लिए चुनाव जीता था. हालांकि उन्होंने किसी कारणवश बाद में बीजेडी को अलविदा कह दिया था. डॉ. रासेश्वरी पाणिग्रही पेशे से एक समर्पित स्त्री रोग विशेषज्ञ थी और संबलपुर के बरला स्थित वीर सुरेंद्र साई इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में स्त्री रोग विभाग की प्रमुख के पद पर भी काम किया. अविवाहित रही डॉ. पाणिग्राही का अंतिम संस्कार संबलपुर स्थित राजघाट पर किया गया. जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी.

    उनके निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, पूर्व मुख्यमंत्री तथा बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संबलपुर विधायक जय नारायण मिश्र, मंत्री सुरेश पुजारी सह अनेक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उनके चाहने वालों ने गहरा शोक जताते हुए संवेदना व्यक्त की है एवं उनके निधन को समग्र ओड़िशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. वहीं, पुण्य आत्मा सद्गति के लिए मां संबलपुरी के चरणों में प्रार्थना की है.